लाडवा में सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल को कांग्रेस का समर्थन, मेवा सिंह ने सरकार को घेरा

लाडवा में सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल को कांग्रेस का समर्थन, मेवा सिंह ने सरकार को घेरा

भाजपा सरकार केवल झूठे वायदे करने में विश्वास रखती है और किये गए वायदों को पूरा नहीं करती: मेवा सिंह

सफाई व दमकल कर्मचारियों की हड़ताल को कांग्रेस जिलाध्यक्ष मेवा सिंह ने दिया समर्थन

लाडवा/ 18 अगस्त2026/मानव गर्ग/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

लाडवा नगरपालिका कार्यालय में सफाई कर्मचारियों व अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की ओर से अपनी मांगों को लेकर चलाए जा रहे धरने व हड़ताल को कांग्रेस पार्टी ने अपना समर्थन दिया। मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक मेवा सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

जिलाध्यक्ष मेवा सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार एक गूंगी-बहरी सरकार बनकर रह गई है, जो कर्मचारियों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल झूठे वायदे करने में विश्वास रखती है और किए गए वायदों को पूरा नहीं करती। कर्मचारियों को बार-बार आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन धरातल पर उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी और दमकल विभाग के कर्मचारी शहर की व्यवस्था को सुचारू रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सफाई कर्मचारी दिन-रात शहर को स्वच्छ रखने का काम करते हैं, वहीं दमकल कर्मचारी अपनी जान जोखिम में डालकर आगजनी जैसी आपात परिस्थितियों में लोगों की जान-माल की रक्षा करते हैं। ऐसे कर्मचारियों की जायज मांगों को सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों के संघर्ष में उनके साथ खड़ी है और उनकी मांगों को पूरा समर्थन देती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों के साथ किए गए समझौतों को लागू किया जाए तथा हड़ताल समाप्त करवाने के लिए तुरंत बातचीत शुरू की जाए। वहीं, कर्मचारियों की ओर से चल रहे आंदोलन में हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

धरने के दौरान इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान सरवन व फायर विभाग के ब्लॉक सचिव हाकम सिंह सहित अन्य कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताया। वहीं राज्य सचिव मनजीत भुल्लर ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय लिए जाने तक आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के हित में तुरंत फैसला लेते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए, ताकि हड़ताल समाप्त हो और शहर में सफाई तथा अग्निशमन जैसी आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो सकें। मौके पर जिला सचिव संदीप नरवाल, सुरेश गुड़ा, वरिष्ठ उपप्रधान सरवन, राजकुमार, ललित, अमित, परमजीत, ऋषिपाल, मंजीत, ब्लॉक प्रधान तरसेम कुमार, सुनीता, कुलदीप, सतबीर, राजबीर, अभिनव, यशविंदर आदि मौजूद थे।

Share:

Comments

Leave a comment