लाडवा में 20 दिन से सफाई व्यवस्था ठप, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर, लोग परेशान

20 दिन से सफाई व्यवस्था ठप, लाडवा में जगह-जगह कूड़े के ढेर
लोग बोले- हड़ताल लंबी चली तो हालात होंगे बदतर
लाडवा /मानव गर्ग / 26 अगस्त 2026 / अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। इसका असर अब शहरों की सफाई व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है। लाडवा शहर में पिछले करीब 20 दिनों से नियमित सफाई और घरों से कूड़ा उठाने का काम प्रभावित होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए हैं। गंदगी के कारण शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को संक्रमण और बीमारी फैलने का भी डर सताने लगा है।
शहर के विभिन्न हिस्सों में सडक़ किनारे और खाली स्थानों पर कूड़ा-कचरा जमा होने से स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से घरों से कूड़ा उठाने वाले टिप्पर भी नियमित रूप से नहीं आ रहे हैं। ऐसे में लोग अपने घरों में कूड़ा कितने दिन तक जमा करके रख सकते हैं।
यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो लोग मजबूरी में गलियों और बाजारों में कूड़ा डालने लगेंगे, जिससे हालात और खराब हो सकते हैं। दो दिन पहले स्थानीय प्रशासन ने पुलिस की मदद से रात के समय शहर के चार स्थानों से कूड़ा उठवाया था। हालांकि यह व्यवस्था फिलहाल पर्याप्त साबित नहीं हुई है। शहर के कई हिस्सों में अब भी कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और नियमित सफाई नहीं होने के कारण लोगों की परेशानी बनी हुई है।
शहरवासियों पवन बंसल, योगेंद्र कुमार, स्वीटी भुल्लर, आशीष फौजदार, बलदेव राठी, राजेश सैनी, प्रदीप कुमार और संदीप कुमार ने कहा कि यदि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जल्द खत्म नहीं हुई तो लाडवा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा सकती है। उन्होंने कहा कि अब तो कई स्थानों पर सडक़ पर चलना भी मुश्किल हो रहा है। बरसात के मौसम में कूड़े के ढेर से स्थिति और गंभीर हो सकती है।
तेज बारिश हुई तो सडक़ों पर फैल सकता है कूड़ा
लोगों ने कहा कि वर्तमान में बरसात का मौसम चल रहा है। यदि आने वाले दिनों में तेज बारिश होती है तो कूड़े के ढेरों से गंदगी बहकर सडक़ों और नालियों तक पहुंच सकती है। इससे जलभराव और बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ सकती है। लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि सफाई कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि बातचीत के माध्यम से कोई बीच का रास्ता निकालकर कर्मचारियों की समस्या का समाधान किया जाए तो शहरवासियों को भी राहत मिल सकती है और सफाई व्यवस्था दोबारा पटरी पर आ सकती है।
जल्द अतिरिक्त कर्मचारियों से सफाई करवाएंगे : नीरज सैनी
लाडवा नगर पालिका के सचिव नीरज सैनी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर में सफाई और कूड़ा उठाने के काम में दिक्कत आ रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। सफाई व्यवस्था को सामान्य करने के लिए अधिक कर्मचारियों को लगाकर शहर में सफाई और कूड़ा उठाने का कार्य करवाया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल जल्द समाप्त होगी और इसके बाद शहर में सफाई व्यवस्था पहले की तरह सामान्य रूप से चलने लगेगी।