लाडवा में विश्व साक्षरता दिवस पर भव्य समारोह, उत्कृष्ट 22 शिक्षकों को नेशन बिल्डर अवार्ड से किया गया सम्मानित

डयूटी समय का सही प्रयोग करके बच्चों के जीवन को संवारने का काम करें अध्यापक : अंकुश गोयल ।
रोटरी, रोट्रैक्ट व इनरव्हील क्लब की तरफ से विश्व साक्षरता दिवस समारोह का आयोजन।
उत्कृष्ट शिक्षकों को नेशन बिल्डर अवार्ड से किया गया सम्मानित।
लाडवा/मानव गर्ग /06 सितंबर 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक संस्था रोटरी, रोट्रैक्ट व इनरव्हील क्लब की तरफ से विश्व साक्षरता दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लाडवा के एक निजी होटल में आयोजित किया गया था। इस समारोह में लाडवा व आस पास के क्षेत्र के 22 प्रतिभाशाली शिक्षकों को सम्मानित किया गया। यह सभी शिक्षक सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों के करीब 2 हजार अध्यापकों में से चुने गए थे।
प्रतिभाशाली शिक्षकों का चयन और अतिथियों की उपस्थिति
चुने गए अध्यापकों को उनकी कार्यशैली, व्यवहार, नैतिकता, कार्य क्षमता व लगन को देखकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अंकुश गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। वहीं सेवानिवृत्त मुख्याध्यापिका मिथलेश मित्तल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रही। निजी होटल में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि व क्लब पदाधिकारियों द्वारा द्वीप प्रज्वलित करके किया गया। रोटरी क्लब के प्रधान राजेश मिगलानी ने अतिथियों व शिक्षकों का स्वागत किया।
रोटरी क्लब का साक्षरता मिशन और उद्देश्य
पूर्व सहायक मंडल अध्यक्ष अमित सिंघल ने कार्यक्रम के उद्देश्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रोटरी ने पोलियो उन्मूलन के 30 वर्षों के लम्बे व सफल अभियान के पश्चात साक्षरता मिशन हाथ में लिया है। इसी मिशन के अंतर्गत भारत को शत प्रतिशत शिक्षित बनाने के लिए रोटरी प्रयासरत है। उसी कार्यक्रम के तहत देश भर में रोटरी की तरफ से उत्कृष्ट शिक्षकों को नेशन बिल्डर अवार्ड से सम्मानित किया जा रहा है। समारोह में प्रतिभाशाली शिक्षकों को नेशन बिल्डर अवार्ड व सम्मान के प्रतीक सम्मान पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि अंकुश गोयल के विचार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अंकुश गोयल ने शिक्षकों को महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा के माध्यम से बच्चों को प्राचीन सभ्यता से जुड़े संस्कार प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। अंकुश गोयल ने कहा कि आज का वर्तमान हमारा कल का भविष्य है, जिसे बेहतर तरीके से तलाशने में अध्यापक का अहम रोल रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि आधुनिकता के साथ-साथ जहां हमें डिजिटल इंडिया का फायदा उठाना चाहिए, वहां हम उसका दुरुपयोग ज्यादा करने लगे हैं। इसके कारण बच्चों के स्वभाव व कार्यशैली में लगातार बदलाव हो रहा है, जो कि उनके आने वाले समय के लिए घातक सिद्ध हो सकता है।
विशिष्ट अतिथि और प्रधान के विचार
विशिष्ट अतिथि मिथलेश मित्तल ने शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह का सम्मान प्राप्त करने के बाद अपने कर्तव्य का बखूबी निर्वहन करने के लिए शिक्षकों की जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ जाती है। रोटरी क्लब लाडवा के प्रधान राजेश मिगलानी ने कहा कि रोटरी क्लब, रोट्रेक्ट क्लब और इनर व्हील क्लब समाजसेवा के विभिन्न कार्यों को समय-समय पर मिलजुल कर करते रहते हैं। राजेश मिगलानी ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। शिक्षक ही वह व्यक्ति है जो विद्यार्थी के जीवन की पहली सीढ़ी मजबूत करता है और उसे सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए तैयार करता है।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों के नाम और अन्य गणमान्य लोग
समारोह में अर्चना शर्मा, बबिता शर्मा, ममता कंसल, कोमल गुप्ता, मुकेश कुमार, सुशीला रानी, पूजा मग्गू, हेमलता, सहदेव, शिखा शर्मा, रोहित, नवदीप कौर, छवि गोयल, मंजू कुमारी, सीमा रानी, प्रभा, कमल कुमार, नीरू रानी, नीरू कक्कड़, सुमन लता, सोनिया देवी और वीना कुमारी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब की प्रधान रविंदर कौर, मीनू गुप्ता, रुचि मुंद्रा सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। उपस्थित सदस्यों में पवनीश गोयल, विकास सिंघल, सुनील गर्ग, अमित सिंघल, नरेश गर्ग, राजीव गर्ग, राकेश खुराना, बलवान पंजेटा, रवि गिरधर, विनोद गर्ग, अरुण गढ़वाल, अंकुर गुप्ता, विशाल मित्तल, अमित कंसल, शुभम गोयल, दीपक सिंघल, अशोक गुप्ता और अंकित गर्ग सहित क्लब के अन्य सदस्य व शिक्षक उपस्थित थे।