खंड स्तरीय लीगल लिटरेसी प्रतियोगिता में ऐलनाबाद के कन्या विद्यालय के विद्यार्थियों का दबदबा

खंड स्तरीय लीगल लिटरेसी प्रतियोगिता में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऐलनाबाद के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार सफलता दर्ज की है। विद्यार्थियों ने अपनी बुद्धिमत्ता और कानूनी जागरूकता के बल पर डिबेट तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यार्थियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय देते हुए क्विज, निबंध लेखन, पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन और स्किट प्रतियोगिताओं में खंड ऐलनाबाद में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय के प्रतिभागी ने खंड स्तर पर तृतीय स्थान हासिल कर अपनी उपलब्धि में एक और कड़ी जोड़ी है। उक्त जानकारी देते हुए विद्यालय के राजनीति विज्ञान के प्रवक्ता एवं लीगल लिटरेसी सेल के नोडल अधिकारी सुरेश शर्मा ने यह बात बताई है।
सुरेश शर्मा ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग और विधिक सेवा प्राधिकरण के सौजन्य से इस खंड स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतियोगिता में खंड के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है, जिसमें इस विद्यालय के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहद सराहनीय रहा है।
सुरेश शर्मा ने आगे बताया कि खंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सभी विजेता विद्यार्थी अब आगामी जिला स्तरीय लीगल लिटरेसी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। ये सभी विजेता विद्यार्थी जिला स्तर पर खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की तैयारी के लिए प्रवक्ता मीनु सिहाग, प्रवक्ता रणजीत कौर और प्रवक्ता रेखा मिश्रा का भी सराहनीय योगदान रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य विद्याधर बेनीवाल ने विजेता विद्यार्थियों तथा लीगल लिटरेसी सेल के प्रभारी सुरेश शर्मा व स्टाफ सदस्यों को बधाई दी है। प्राचार्य ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा है कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में न केवल कानूनी समझ विकसित करती हैं, बल्कि उनके आत्मविश्वास और मंच संचालन की कला को भी निखारती हैं। उन्होंने जिला स्तर पर भाग लेने वाले विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए अपनी शुभकामनाएं दी हैं।