लोक सेवा मंच ने स्टेट टीचर अवॉर्ड से सम्मानित शिक्षक मुकेश कुमार का रेवाड़ी में किया भव्य सामाजिक सम्मान

स्टेट टीचर अवॉर्डी मुकेश कुमार का लोक सेवा मंच ने सामाजिक तौर पर किया भव्य सम्मान
रचनात्मक उपलब्धियां प्राप्त करने वालों का सामाजिक सम्मान करना मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान का हिस्सा : अशोक प्रधान लोक सेवा मंच
रेवाड़ी /12 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
लोक सेवा मंच के मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत स्टेट टीचर अवार्ड से नवाजे गए शिक्षक मुकेश कुमार व उनके परिवारजनों का सम्मान किया गया। राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच की कोर कमेटी उनके स्थानीय राव गोपाल देव चौक स्थित आवास पर पहुंची। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनहित की समस्याओं को उठाना और रचनात्मक कार्य करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करना है।
कोर कमेटी के सदस्य पहुंचे शिक्षक के आवास
इस कड़ी में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच के नेतृत्व में कोर कमेटी के सदस्य महेश कौशिक, बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, नंदलाल यादव, दयाराम आर्य, डॉ. सुरेश कुमार, जगमोहन यदुवंशी, मास्टर रणबीर सिंह और राकेश जांगिड आदि स्टेट टीचर अवार्ड प्राप्त शिक्षक मुकेश कुमार के आवास पर पहुंचे। सभी ने गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल बीकानेर में कार्यरत अंग्रेजी के शिक्षक मुकेश कुमार को उनकी इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाइयां दीं और समस्त परिवारजनों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया था सम्मानित
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति में महामहिम राज्यपाल द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पंचकूला में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में उक्त शिक्षक को स्टेट टीचर अवार्ड से नवाजा गया था। कोर कमेटी ने अवॉर्डी शिक्षक के साथ उपस्थित उनकी माता जी, धर्मपत्नी और पुत्र को गुलदस्ता भेंट किया। इसके बाद मुकेश कुमार को सामाजिक सम्मान का प्रतीक गौरवमय पटका पहनाया गया और राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त करने पर हार्दिक बधाइयां दी गईं।
शिक्षक समाज का निर्माता होता है : अशोक प्रधान
अपने संबोधन में अशोक प्रधान ने कहा कि शिक्षक समाज का निर्माता होता है। जब किसी समर्पित शिक्षक को सम्मानित किया जाता है, तो यह केवल उस शिक्षक का सम्मान नहीं होता है, बल्कि यह पूरे शिक्षा जगत और समाज का गौरव होता है। उन्होंने कहा कि मुकेश कुमार ने अपने शिक्षण कार्य को केवल नौकरी तक सीमित नहीं रखा है। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं जनहित से जुड़े विभिन्न अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली युवाओं और अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है।
शिक्षक मुकेश कुमार ने जताया आभार
राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रगतिशील विचारक अशोक प्रधान और लोक सेवा मंच की कोर कमेटी के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए अवॉर्डी शिक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि सरकार और समाज के प्रबुद्ध लोगों द्वारा दिया गया यह सम्मान अत्यंत गौरव और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने अंत में कहा कि वह शिक्षा और समाजहित के कार्यों में इसी प्रकार सक्रिय योगदान देते रहेंगे।