लोक सेवा मंच का मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान जोरों पर, जन समस्याओं के समाधान की उठी जोरदार मांग

जनहितकारी मुद्दों को लेकर लोक सेवा मंच का मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान जोरों पर
मुद्दों के समर्थन में सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित करके पंजाबी समुदाय के लोगों ने की सरकार से समाधान की पुरजोर मांग
शहर के पंजाबी भवन में अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने बैठक को किया संबोधित
रेवाड़ी/06 सितंबर 2026/अटल हिन्द ब्यूरो
रेवाड़ी में जनहितकारी मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच का मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अभियान के तहत जन समस्याओं के समाधान के लिए जोरदार आवाज बुलंद की जा रही है। स्थानीय गढ़ी बोलनी रोड स्थित पंजाबी भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में अनेक मुद्दों के समर्थन में लोगों ने सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किए और सरकार से तुरंत समाधान की पुरजोर मांग की।
शहर के पंजाबी समुदाय के नागरिकों का कुशलक्षेम जानने के लिए सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान और लोक सेवा मंच की कोर कमेटी के सदस्य पंजाबी भवन पहुंचे। इस कोर कमेटी में महेश कौशिक, बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, नंदलाल यादव, राजीव कुमार और देशराज यादव शामिल थे। इस बैठक की अध्यक्षता सीनियर सिटीजन एवं रेलवेज के रिटायर्ड ऑफिसर नरेश कालरा ने की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान और कोर कमेटी के सदस्यों ने पंजाबी समाज के प्रधान सचिन मलिक एडवोकेट से मुलाकात की। इसके अलावा समाज के अग्रणी नेताओं नरेंद्र मेहंदीरत्ता, कपिल अरोड़ा, अनिल ठकराल और प्रो. अनिल मखीजा के साथ लोक सेवा मंच द्वारा उठाए जा रहे ज्वलंत सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से सामूहिक चर्चा की गई।
इसके उपरांत पंजाबी भवन में बैठक को संबोधित करते हुए अशोक प्रधान ने राष्ट्र और समाज की आधी आबादी महिलाओं के अधिकारों की बात कही। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक बराबरी के लिए हर क्षेत्र में 50 फीसदी आरक्षित हिस्सेदारी दी जानी चाहिए। इसके साथ ही बेरोजगार महिलाओं को बस, ट्रेन और एरोप्लेन के टिकट किराए में 50 फीसदी रियायत मिलनी चाहिए और स्वरोजगार के लिए 20 करोड़ रुपए तक के लॉन्ग टर्म लोन दिए जाने चाहिए।
अशोक प्रधान ने सीनियर सिटीजंस के लिए सरकार से एक नई हेल्पलाइन शुरू करने की मांग की। उन्होंने बुजुर्गों के लिए निःशुल्क मेडिकल सुरक्षा और वृद्धावस्था में हर नागरिक को गारंटीड सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने का आग्रह किया। उन्होंने बस, ट्रेन और एरोप्लेन के किरायों में 70 फीसदी छूट देने, टोल मुक्त आवागमन की सुविधा देने तथा वृद्धावस्था पेंशन को न्यूनतम 10 हजार रुपए मासिक किए जाने की भी जोरदार मांग उठाई।
युवाओं के हितों पर बात करते हुए उन्होंने युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार और स्वरोजगार देने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि इन सुविधाओं से वंचित युवा बेरोजगारों को न्यूनतम 20 हजार रुपए मासिक जॉब्लेस क्लेम दिया जाना चाहिए। इसके अलावा, आर्थिक तौर पर सक्षम बनाने के लिए प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक संस्थाओं को रिपेयरिंग तथा ब्यूटीफिकेशन के लिए प्रतिवर्ष 10 लाख रुपए की ग्रांट देने की मांग भी उठाई गई।
बैठक में उपस्थित सभी लोगों ने लोक सेवा मंच द्वारा लगातार बुलंद की जा रही इन सभी मांगों का जोरदार समर्थन किया। लोगों ने सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित करके सरकार से इन सभी समस्याओं के समाधान की पुरजोर मांग की। यह अभियान क्षेत्र में लगातार जनसमर्थन हासिल कर रहा है।
अध्यक्षीय संबोधन में नरेश कालरा ने सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के जनहित में किए जा रहे प्रयासों को पूरी तरह सकारात्मक बताया। उन्होंने संगठन द्वारा उठाए जा रहे सभी मुद्दों को बेहद विचारणीय करार दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान जनसेवा की आवाज बनकर समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दे रहे हैं, जिसे समस्या से पीड़ित लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है।