लोक सेवा मंच का 8 माह का संघर्ष लाया रंग, सीएम नायब सैनी ने स्वीकार की युवाओं की 4 प्रमुख मांगें

लोक सेवा मंच का आठ महीने से चल रहा संघर्ष रंग लाने लगा है। जनहित की मांगों को लेकर राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच द्वारा पिछले करीब आठ माह से लगातार संघर्ष किया जा रहा था। युवावर्ग की दर्जनभर मांगों में से मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा चार मांगों को स्वीकार करने से मंच के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और युवाओं में आगे बढ़ने का उत्साह दिखाई दे रहा है। मंच ने शेष मांगों को भी जल्द से जल्द पूरा करने की जोरदार अपील की है।
रेवाड़ी में हुई युवाओं की बैठक
युवाओं के बुलावे पर स्थानीय बड़ा तालाब स्थित हनुमान मंदिर के समीप एक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह समय अब दूर नहीं जब युवाओं के हित में मंच की ओर से उठाई गईं सभी मांगें पूर्णतया स्वीकार होंगी। इस अवसर पर कोर कमेटी के सदस्य बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और नंदलाल यादव भी मौजूद रहे। युवाओं ने कहा कि लोक सेवा मंच के माध्यम से उठी उनके हकों की बुलंद आवाज अब जोरदार रंग दिखाने लगी है। लंबे संघर्ष के जरिये मंच की ओर से मांगों के समर्थन में तैयार भारी जनमत के बलबूते स्वीकार हुईं चारों मांगें युवाओं के कठिनाइयोंभरे जीवन में आंशिक राहत पहुंचाने का काम करेंगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूरी की ये मांगें
प्रदेश के हर गांव में लाइब्रेरी के निर्माण व जिम खोले जाने के लिए बजट आबंटित हो चुका है। सोनीपत में युवाओं से संवाद करते हुए सीएम नायब सिंह सैनी कह गए कि जल्द ही हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन की ओर से 'जॉब कैलेंडर' जारी किया जाएगा ताकि वैकेंसीज भरने का शेड्यूल युवाओं की तैयारी में सहायक हो सके। सीएम ने कोचिंग में पढ़ रहे युवाओं को बस पास की सुविधा पर ध्यान देने की भी बात कही। जिससे हर गांव में लाइब्रेरी, जिम, जॉब कैलेंडर तथा कोचिंग पढ़ने वालों को बस पास की सुविधा की मांगों को स्वीकार कराने में सफलता मिली है। सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान के नेतृत्व में लोक सेवा मंच के माध्यम से शेष मांगों को भी पूरा कराने के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह है।
शेष मांगों को जल्द पूरा करने की उठी मांग
अशोक प्रधान ने रोजगार नीति जल्द बनाकर अधिकाधिक युवाओं को रोजगार देने की मांग उठाई है। युवावर्ग के आग्रह पर सीएम व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि स्वरोजगार के लिए 20 लाख से 20 करोड़ रुपए तक की लोन सुविधा, बेरोजगारों को 20 हजार रुपए प्रतिमाह जॉब्लेस क्लेम, प्रतियोगी परीक्षाएं व इंटरव्यूज के समय युवाओं को बस-ट्रेंड-एरोप्लेन में निःशुल्क यात्रा व निजी वाहन प्रयोग करने पर टोल फ्री सुविधा दी जाए। साथ ही पहला रोजगार मिलने तक बेरोजगारों से आवेदन फीस नहीं लेने, वर्ष में दो बार फ्री मेडिकल चेकअप व संपूर्ण इलाज की निःशुल्क सुविधा तत्काल प्रदान की जानी चाहिए। अशोक प्रधान ने कहा कि सभी समस्याओं का समाधान होने तक मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान लगातार जारी रहेगा।