ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के बोहड़ाकला स्थित ओम शांति रिट्रीट सेंटर के रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत 'लव मीन्स टू गिव' अभियान का शुभारम्भ हुआ है। इस प्रकृति-प्रेम महा-संकल्प के दौरान कुल 77 हज़ार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की शुरुआत ओआरसी परिसर में आशा दीदी के 77 वें जन्म दिवस पर 77 पौधे रोपकर की गई है। यह ब्रह्माकुमारीज़ और श्री कल्पतरु संस्थान की संयुक्त और अनुकरणीय पहल है।
ओआरसी की निदेशिका राजयोगिनी आशा दीदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्यार और मोह के अंतर को स्पष्ट किया।
उन्होंने कहा कि प्यार सदा सुख देता है, जबकि मोह दुख का कारण बनता है। 'ट्री मैन' के नाम से विख्यात श्री कल्पतरु संस्थान के संस्थापक विष्णु लांबा ने कहा कि किसी को पौधा भेंट करने से बड़ी कोई सौगात नहीं हो सकती है। सिटी नर्सिंग होम भिवाड़ी के निदेशक डॉ. रूप सिंह ने कहा कि प्रकृति के साथ सामंजस्य ही जीवन का मूलमंत्र है।
कार्यक्रम में ग्रीन लंग्स कैंपेन की ब्रांड एम्बेसडर उमा व्यास, NIRC ऑफ ICAI के चेयरमैन सीए नव्या मल्होत्रा, 'टाइगर प्रिंसेस ऑफ इंडिया' डॉ. लतिका नाथ और आदित्य बिड़ला समूह के डॉ. विनोद वर्मा ने अपनी शुभकामनाएं दीं।
गायक चांद बजाज ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया और कलाकारों ने नाट्य मंचन से प्रेम के भाव को जीवंत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।