भाजपा अंबाला प्रभारी मदन चौहान पहुंचे डॉ. कुलदीप शर्मा के घर, मुलाना राजनीति और अटल स्मृति शताब्दी वर्ष पर हुई चर्चा

भाजपा अंबाला जिला प्रभारी एवं यमुनानगर के पूर्व मेयर मदन चौहान शनिवार को बराड़ा में डॉ. कुलदीप शर्मा के निवास पर पहुंचे। इस अवसर पर डॉ. कुलदीप शर्मा ने पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर मदन चौहान का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान डॉ. कुलदीप शर्मा एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष सतप्रकाश बिंजलपुर ने मदन चौहान के साथ हलका मुलाना की राजनीति को लेकर गहनता से चर्चा की। क्षेत्र की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, भाजपा संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही अटल स्मृति शताब्दी वर्ष के तहत बराड़ा मंडल में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने को लेकर अपने सुझाव रखे।
इस अवसर पर अंबाला भाजपा उपाध्यक्ष सतप्रकाश बिंजलपुर, सुमित गोयल, देवेंद्र बंसल, मनोज चौधरी, प्रवीण कपूर, वर्मा यमुनानगर, बलवंत लांबा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।