नारनौल के केंद्रीय विश्वविद्यालय में शौर्य के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, 40 पूर्व सैनिक हुए सम्मानित

नारनौल के केंद्रीय विश्वविद्यालय में शौर्य के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, 40 पूर्व सैनिक हुए सम्मानित

हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रभक्ति, गौरव और उत्साह के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेश्वर कुमार ने प्रशासनिक भवन के सामने ध्वजारोहण कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रेजांगला के वीर योद्धा हवलदार गजे सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

ध्वजारोहण से पूर्व कुलपति ने स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और देश की सीमाओं की रक्षा में जीवन समर्पित करने वाले वीर जवानों को नमन किया।

समारोह में भूतपूर्व सैनिक संघ के प्रमुख रामस्वरूप के साथ क्षेत्र के 40 से अधिक पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। इनमें थल, जल और वायु सेना से सेवानिवृत्त सैनिक शामिल रहे। कुलपति ने कहा कि आज हम सब जो स्वतंत्र और सुरक्षित परिस्थितियों में जीवन जी रहे हैं, वे स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग, सेवा एवं बलिदान का परिणाम हैं। स्वतंत्रता दिवस गौरवशाली इतिहास को याद करने के साथ राष्ट्र के भविष्य के प्रति अपने दायित्वों को समझने और संकल्प लेने का अवसर भी है।

कुलपति ने कहा कि 2047 में भारत की स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ पर देश की शक्ति का आंकलन ज्ञान, शिक्षा, तकनीक, नवाचार और आत्मनिर्भरता के आधार पर भी होगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में नए पुस्तकालय भवन और ऑडिटोरियम का निर्माण जारी है। इस अवसर पर कुलपति और हवलदार गजे सिंह ने प्रस्तावित ‘रेजांगला वीर उपवन’ के लिए पौधरोपण भी किया। समारोह में विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment