अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा चुनाव: त्रिभुवन काबरा व टीम ने सिरसा में किया जनसंपर्क

अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के 31वें सत्र के चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सभापति पद के उम्मीदवार त्रिभुवन काबरा के नेतृत्व में उनकी टीम ने शनिवार को चुनाव प्रचार-प्रसार के तहत सिरसा में जनसंपर्क किया। यह जानकारी माहेश्वरी चैरिटी ट्रस्ट के प्रवक्ता राम माहेश्वरी ने दी है।
इस दौरान टीम के सदस्य हरियाणा-पंजाब-हिमाचल-जम्मू-कश्मीर प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के वरिष्ठ उपप्रधान एवं राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य आनंद बियानी के कार्यालय होटल एमेरल्ड इन पहुंचे। उन्होंने वहां आनंद बियानी से मुलाकात की और उनके द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। टीम के सदस्यों ने कहा कि समाज सेवा और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए बियानी द्वारा किए जा रहे प्रयास बेहद सराहनीय हैं।
इस अवसर पर सिरसा माहेश्वरी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष अजय राठी, सचिव संजय बागड़ी, कोषाध्यक्ष मुकेश मंत्री, पूर्व अध्यक्ष कमलेश राठी, महेश राठी, डॉ. जी.एस. सोमानी, बजरंग सारदा, पुरुषोत्तम मंत्री, राजकुमार पेड़ीवाल, मदन लखोटिया, पदम बियानी, शिवकुमार मंत्री, प्रवीण चांडक, राजीव चांडक, प्रतीक राठी, विशाल सारदा, पवन लखोटिया, रोहित राठी और हरीश बियानी सहित सैकड़ों माहेश्वरी बंधुओं ने चुनावी टीम का जोरदार स्वागत किया।
माहेश्वरी समाज के उत्थान के लिए योजनाओं का विस्तार
सभापति पद के उम्मीदवार त्रिभुवन काबरा ने बताया कि अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा समाज के प्रत्येक वर्ग और हर आयु वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए पूरी तल्लीनता से कार्य कर रही है। बच्चे के जन्म से लेकर उसके पूरे जीवनकाल तक शिक्षा, व्यवसाय, रोजगार तथा अन्य आवश्यकताओं के लिए समाज स्तर पर विभिन्न योजनाएं सफलतापूर्वक संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने आगे बताया कि इसी प्रकार किसी भी परिवार में बीमारी, आर्थिक संकट अथवा अन्य विपरीत परिस्थितियां आने पर जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ट्रस्टों के माध्यम से पूरा सहयोग उपलब्ध करवाया जाता है। समाज के जरूरतमंद परिवारों को एक आत्मनिर्भर और सुरक्षित जीवन प्रदान करना उनकी टीम की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर शामिल है। इसी दिशा में भविष्य में ऐसी योजना तैयार करने का पूरा प्रयास किया जाएगा, जिसके तहत जिन माहेश्वरी परिवारों के पास अपना मकान नहीं है, उन्हें आवास उपलब्ध करवाने अथवा मकान निर्माण में उचित सहयोग देने की दिशा में कार्य किया जा सके।
चुनाव का उद्देश्य सेवा को अधिक प्रभावी बनाना
इस जनसंपर्क अभियान के दौरान महामंत्री पद के उम्मीदवार राजकुमार कालिया, अर्थ मंत्री पद के उम्मीदवार प्रवीण सोनी, संगठन मंत्री पद के उम्मीदवार बाबूलाल, उपप्रधान पद के उम्मीदवार वनित केला तथा संयुक्त मंत्री पद के उम्मीदवार राजेंद्र कलंत्री सहित पूरी टीम ने समाज के सभी बंधुओं से सहयोग और समर्थन की अपील की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं है, बल्कि समाज की सेवा को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं व्यापक बनाना है।
इस पूरे जनसंपर्क अभियान के दौरान उपस्थित माहेश्वरी बंधुओं ने चुनावी टीम का भव्य स्वागत किया। समाज के लोगों ने समाजहित में किए जा रहे सभी प्रयासों की भूरी-भूरी सराहना की और चुनावी टीम को अपना पूर्ण समर्थन देने का पूरा विश्वास दिलाया।