कैथल में महिला कांग्रेस स्थापना दिवस पर महिलाओं को सिखाए स्वच्छता के गुर,

महिला कांग्रेस स्थापना दिवस पर महिलाओं को स्वच्छता के गुर सिखाए,
प्रज्ञा पाशा जैन के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने थामा कांग्रेस का दामन
कैथल/15 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर कैथल में महिला स्वास्थ्य, स्वच्छता, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों और सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं और युवा बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए। कार्यक्रम का सफल नेतृत्व हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री प्रिग्या पाशा जैन ने किया।
मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य पर जोर
कार्यक्रम के दौरान प्रिग्या पाशा जैन ने महिलाओं और युवा बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता और स्वास्थ्य महिलाओं के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मासिक धर्म कोई शर्म का विषय नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य और सम्मान से जुड़ा हुआ विषय है। प्रत्येक महिला और बालिका को सुरक्षित एवं स्वच्छ मासिक धर्म के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने महंगाई के इस दौर का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की अनेक महिलाएं सेनेटरी पैड जैसी आवश्यक सामग्री खरीदने में कठिनाई महसूस करती हैं। इसी बात को ध्यान में रखते हुए महिला कांग्रेस द्वारा जरूरतमंद महिलाओं एवं बालिकाओं तक निःशुल्क सेनेटरी पैड पहुंचाने की पहल की जा रही है।
प्रिग्या पाशा जैन के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हुईं सैकड़ों महिलाएं
इस अवसर पर प्रिग्या पाशा जैन के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने कांग्रेस पार्टी की नीतियों और विचारधारा में अपना पूरा विश्वास जताते हुए कांग्रेस का दामन थामा। उन्होंने कहा कि महिलाओं का यह बढ़ता हुआ जुड़ाव कांग्रेस के प्रति उनके अटूट विश्वास और महिला अधिकारों के लिए कांग्रेस पार्टी की प्रतिबद्धता को पूरी तरह से दर्शाता है। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा के नेतृत्व तथा हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती पर्ल चौधरी जी के मार्गदर्शन में महिला स्वास्थ्य, अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम पूरे प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे हैं।
आगामी 12 महीनों तक चलेगा निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरण अभियान
नेत्री प्रिग्या पाशा जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस से लेकर आगामी 12 महीनों तक जरूरतमंद और गरीब महिलाओं तथा बालिकाओं को निशुल्क सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि महिला का वास्तविक सम्मान तभी सुनिश्चित हो पाएगा, जब उसे स्वास्थ्य, स्वच्छता, सुरक्षा और समान अवसर का अधिकार प्राप्त होगा। महिला कांग्रेस हमेशा महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और उनके अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी। इस कार्यक्रम के अंत में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महिला अधिकारों, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं समान अवसर के लिए निरंतर जनसेवा करने का दृढ़ संकल्प लिया।