मानेसर में सील तोड़कर चल रहे अवैध आरएमसी प्लांट पर चला बुलडोजर

Fatah Singh Uajala19 August 20264 min read60 viewsगुरुग्राम
मानेसर में सील तोड़कर चल रहे अवैध आरएमसी प्लांट पर चला बुलडोजर

मानेसर में सील तोड़कर चल रहे अवैध आरएमसी प्लांट पर चला निगम का बुलडोजर, ढांचा ध्वस्त

गुरुग्राम /फतह सिंह उजाला /19 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /

हरियाणा के औद्योगिक कस्बे मानेसर में अवैध निर्माणों और बिना अनुमति चल रहे उद्योगों के खिलाफ नगर निगम ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने सीलिंग के आदेशों की धज्जियां उड़ाकर चलाए जा रहे एक रेडी मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) प्लांट पर बहुत बड़ी कार्रवाई की है। निगम के दस्तमान दस्ते ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संचालित प्लांट को बुलडोजर की मदद से पूरी तरह से जमींदोज कर दिया।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

यह मामला मानेसर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नौरंगपुर का है, जहां बिना प्रशासनिक अनुमति के आरडीसी आरएमसी प्लांट का संचालन किया जा रहा था। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध रूप से कारोबार करने वाले भू-माफियाओं और उद्योगपतियों में हड़कंप मच गया है। निगम अधिकारियों का साफ कहना है कि सरकारी नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक, इस आरएमसी प्लांट को निगम की प्रवर्तन शाखा ने बीते 29 जुलाई को बिना वैध अनुमति और कागजातों के संचालन पाए जाने पर सील कर दिया था। अधिकारियों को उम्मीद थी कि सीलिंग के बाद संचालक नियमों का पालन करेगा, लेकिन प्लांट मालिक ने चालाकी दिखाते हुए सरकारी सील तोड़ दी और फिर से कंक्रीट बनाने का काम शुरू कर दिया। जब इस बात की भनक निगम प्रशासन को लगी तो तुरंत एक्शन प्लान तैयार किया गया।

सीलिंग का उल्लंघन करने की सूचना मिलने के बाद बुधवार सुबह निगम की टीम पूरी तैयारी के साथ गांव नौरंगपुर पहुंची। इस पूरी ध्वस्तीकरण कार्रवाई का नेतृत्व ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाए गए एसडीओ शशिकांत कर रहे थे। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी तरह के विरोध या हंगामे की स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस सुरक्षा के बीच टीम ने बिना कोई समय गंवाए बुलडोजर की मदद से अवैध ढांचे को गिराना शुरू कर दिया।

इस कार्रवाई के दौरान मौके पर एसडीओ विकास शर्मा, जूनियर इंजीनियर देवेंद्र, जयबीर यादव, मंदीप और टेक्निकल सुपरवाइजर धीरज सहित प्रवर्तन शाखा के कई अधिकारी व कर्मचारी तैनात रहे। प्रशासनिक टीम ने भारी मशीनों के इस्तेमाल से प्लांट के ढांचे, शेड और कंक्रीट मिक्सिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनरी को पूरी तरह से नष्ट कर दिया। महज कुछ ही घंटों के भीतर पूरा अवैध आरएमसी प्लांट मलबे के ढेर में तब्दील हो गया।

कार्रवाई के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लगाई गई सील को तोड़ना या उसका उल्लंघन करना एक बेहद गंभीर कानूनी अपराध है। निगम ऐसे मामलों को कतई हल्के में नहीं लेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सील तोड़कर काम करने वालों का सिर्फ ढांचा ही नहीं गिराया जाएगा, बल्कि उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।

संयुक्त आयुक्त ने आगे बताया कि संबंधित आरएमसी प्लांट संचालक के खिलाफ हरियाणा नगर निगम अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत सख्त कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी संपत्ति और आदेशों का अपमान करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस सख्त कदम से निगम ने यह संदेश दे दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कीमत भारी पड़ सकती है।

इसके साथ ही नगर निगम ने क्षेत्र में चल रहे सभी आरएमसी प्लांट संचालकों के लिए एक सख्त एडवाइजरी जारी की है। संयुक्त आयुक्त ने कहा कि जिन भी प्लांट मालिकों के पास सरकार द्वारा जारी वैध लाइसेंस, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति (NOC) तथा अन्य सभी आवश्यक कानूनी दस्तावेज मौजूद हैं, वे उन्हें तुरंत नगर निगम कार्यालय में लाकर जमा कराएं और अपना सत्यापन पूरा करवाएं।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं होंगे या जो प्रदूषण मानकों को पूरा नहीं कर रहे होंगे, उन्हें निगम क्षेत्र में एक दिन भी काम नहीं करने दिया जाएगा। बिना अनुमति चल रहे सभी अवैध प्लांटों पर आने वाले दिनों में इसी तरह बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया जाएगा। निगम की इस सख्त कार्रवाई के बाद से नौरंगपुर और आसपास के इलाकों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।

Share:

Comments

Leave a comment