मानेसर में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, अवैध आरएमसी प्लांट पर चला बुलडोजर

मानेसर निगम की टीम ने अवैध आरएमसी प्लांट पर चलाया बुलडोजर
अवैध रूप से व्यापारिक गतिविधियां करना गंभीर कानूनी अपराध
निगम क्षेत्र में संचालित सभी अवैध आरएमसी प्लांट पर होगी सख्त कार्रवाई
आरएमसी प्लांट पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम /10 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नगर निगम मानेसर की प्रवर्तन शाखा ने अवैध रूप से चल रहे रेडी मिक्स कंक्रीट आरएमसी प्लांट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। निगम की टीम ने इस प्लांट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई गांव नवादा स्थित एसके आरएमसी प्लांट पर की गई है। इस प्लांट को बंद करने के लिए नगर निगम की ओर से पहले ही आदेश जारी किए गए थे, परंतु संचालक ने इसे बंद नहीं किया था।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में हुई कार्रवाई
यह अभियान ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ विकास शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया था। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओ शशिकांत, जेई दिपेश, देवेंद्र, मंदीप और टेक्निकल सुपरवाइजर धीरज सहित निगम की प्रवर्तन शाखा के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। स्थानीय पुलिस सुरक्षा के बीच टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लांट की मशीनरी और अवैध ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन की कड़ी चेतावनी
नगर निगम के संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने कहा कि अवैध रूप से व्यापारिक गतिविधियां करना गंभीर कानूनी अपराध है। ऐसे मामलों में केवल प्लांट ध्वस्त ही नहीं किया जाएगा, बल्कि संचालक के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। संबंधित प्लांट संचालक के खिलाफ आवश्यक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश
उन्होंने निगम क्षेत्र के सभी आरएमसी प्लांट संचालकों से कहा है कि जिनके पास वैध लाइसेंस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की अनुमति तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज हैं, वे उन्हें तत्काल निगम कार्यालय में प्रस्तुत करें। बिना वैध अनुमति संचालित किसी भी प्लांट को चलने नहीं दिया जाएगा और सभी अवैध प्लांट पर सख्त कार्रवाई होगी।