मानेसर में मेयर डॉ इंद्रजीत कौर ने वार्ड-13 को दी 3 करोड़ 30 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात

मानेसर में नगर निगम की मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने मंगलवार को वार्ड-13 में करीब तीन करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से होने वाले तीन प्रमुख विकास कार्यों की आधारशिला रखी। उन्होंने विधिवत नारियल फोड़कर चौपाल निर्माण, गांव खोह में जोहड़ के जीर्णोद्धार एवं पुनर्विकास और गांव नाहरपुर कासन के एसटीपी से खोह गांव की पहाड़ी तक संशोधित पानी पहुंचाने वाली पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में पार्षद रविंद्र यादव, नगर निगम के एक्सईएन मंदीप धनखड़ सहित अन्य स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
विकास कार्यों पर खर्च होने वाली राशि
नगर निगम चौपाल के निर्माण पर 50 लाख रुपये, जोहड़ पर 47 लाख रुपये और एसटीपी पाइपलाइन पर 2 करोड़ 31 लाख रुपये खर्च करेगा। गांव खोह का जोहड़ लंबे समय से पुनर्विकास की आवश्यकता महसूस कर रहा था। 47 लाख रुपये की लागत से इसके जीर्णोद्धार के बाद जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी और आसपास का वातावरण बेहतर होगा। साथ ही चौपाल निर्माण से गांव के लोगों को सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधा मिलेगी।
जल संरक्षण और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण पहल
मेयर डॉ इंद्रजीत कौर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को भी योजनाओं का हिस्सा बना रहा है। उन्होंने कहा कि नाहरपुर कासन स्थित एसटीपी से निकलने वाले संशोधित पानी का सदुपयोग करके प्राकृतिक जलस्तर बढ़ाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। पाइपलाइन के माध्यम से एसटीपी का शोधित पानी गांव खोह की पहाड़ी तक पहुंचाया जाएगा। वहां इस पानी को जोहड़ों और अन्य जल संरचनाओं में एकत्रित किया जाएगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा और वर्षा जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। निगम की यह परियोजना भविष्य में जल संकट से निपटने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगी।
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। जनता के पैसों से होने वाले प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करना नगर निगम की प्राथमिकता है।