मीरापुर में शिखर शिक्षा सदन के छात्रों ने कुश्ती में जीता स्वर्ण और पंचमुखी महादेव मंदिर में उमड़ी भारी भीड़

मीरापुर में शिखर शिक्षा सदन के छात्रों ने कुश्ती में जीता स्वर्ण और पंचमुखी महादेव मंदिर में उमड़ी भारी भीड़

मीरापुर की प्रमुख खबरें: शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के तीन विद्यार्थियों ने मंडल स्तरीय कुश्ती में स्वर्ण पदक जीता है, वहीं दूसरी ओर श्रावण मास के दूसरे सोमवार को सम्भलहेड़ा स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पूजा-अर्चना की।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

शिखर शिक्षा सदन के छात्रों का राज्य स्तर के लिए चयन

शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने मंडल स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आरव, अक्षित मून और काव्य शर्मा का चयन राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर सनातन धर्म इंटर कॉलेज, मीरापुर के प्रबंधक एवं एडवोकेट सिद्धार्थ राजवंशी ने तीनों खिलाड़ियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। विद्यालय के चेयरमैन सुशील कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन विद्यालय के लिए गर्व की बात है। निदेशक राजेश शर्मा ने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। प्रबंधिका शिखा शर्मा और प्रधानाचार्या शालिनी रॉय ने भी तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। फोटो कैप्शन- शिखर स्कूल का फोटो।

श्रावण सोमवार पर पंचमुखी महादेव मंदिर में उमड़ी आस्था

श्रावण मास के दूसरे सोमवार को सम्भलहेड़ा स्थित सुप्रसिद्ध श्री सिद्ध पीठ पंचमुखी महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मंदिर में लंबी कतारें लगी रहीं। हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने पंचमुखी महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने भी परिवार सहित मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। पंडित अंकज भारद्वाज ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। मंत्री ने देश और प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। श्रावण सोमवार और शिवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। थाना प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि मंदिर परिसर में स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और बैरिकेडिंग के जरिए भीड़ को नियंत्रित किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार, स्वयंसेवकों की तैनाती और कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। मंदिर कमेटी एवं पुलिस-प्रशासन ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

Share:

Comments

Leave a comment