तमिलनाडु से लौटे नीलोखेड़ी विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने तरावड़ी कार्यालय में सुनी जनता की समस्याएं

तमिलनाडु से लौटने के बाद नीलोखेड़ी हलके के विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने तरावड़ी स्थित अपने कार्यालय में जनता की समस्याएं सुनीं। विधायक भगवानदास कबीरपंथी जनसेवा के प्रति अपनी सक्रियता दिखाते हुए रात करीब 2:30 बजे तमिलनाडु से लौटने के बाद शनिवार सुबह 9 बजे ही तरावड़ी स्थित अपने कार्यालय में पहुंच गए। यहां उन्होंने नीलोखेड़ी हलके के विभिन्न गांवों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों और लोगों की शिकायतें सुनीं।
कार्यालय में उमड़ी लोगों की भीड़
विधायक के कार्यालय में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। किसी ने विकास कार्यों, सड़क, बिजली, पानी और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर शिकायत रखी तो किसी ने व्यक्तिगत समस्या के समाधान की मांग विधायक के समक्ष रखी। विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल फोन कर मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं को लटकाया न जाए और जो भी शिकायत उनके संज्ञान में आई है, उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। विधायक ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
कार्यशैली की हुई सराहना
इस दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से विभिन्न शिकायतों की स्थिति भी जानी और संबंधित मामलों में जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए। रातभर के सफर के बावजूद सुबह समय पर जनता के बीच पहुंचने को लेकर लोगों ने विधायक की कार्यशैली की सराहना की।