मोहित चौधरी बने धर्म सेना के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष, भिवानी जिला इकाई ने दी बधाई

मोहित चौधरी को धर्म सेना का युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति वर्ष 2026 से 2029 तक के तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए की गई है। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद के पुत्र मोहित चौधरी को संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धर्म सेना के युवा प्रदेश प्रभारी पवन लक्ष्मणपुरा व युवा जिला अध्यक्ष सतीश ने यह जानकारी दी है। धर्म सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलवान सिंह आर्य और संगठन के संरक्षक रामकिशन हालुवासिया की सहमति से यह नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। संगठन ने मोहित चौधरी की समाजसेवा के प्रति निष्ठा और सक्रियता को देखते हुए उन्हें यह अहम दायित्व सौंपा है।
मोहित चौधरी अपने पिता सांसद चौ. धर्मबीर सिंह के पदचिह्नों पर चलते हुए पिछले लंबे समय से सामाजिक व जनहित के कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उनके समाजहित के कार्यों को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेवारी सौंपी गई है। धर्म सेना युवाओं को सशक्त करने और समाज में सकारात्मक क्रांति लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
भिवानी जिला इकाई ने दी बधाई
भिवानी जिला इकाई की तरफ से जिला अध्यक्ष मास्टर अश्वनी कुमार महता, जिला महामंत्री सुनील सूरा व जयप्रकाश बराला ने संयुक्त रूप से बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि मोहित चौधरी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की दिशा में एकजुट करेंगे। मास्टर अश्वनी महता का कहना था कि मोहित चौधरी जैसे युवा के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा।
युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना प्राथमिकता
युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार मिलने पर मोहित चौधरी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। युवाओं की ऊर्जा को समाज कल्याण, राष्ट्र उत्थान और सकारात्मक बदलाव में लगाना ही हमारी पहली प्राथमिकता होगी।