मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायकों का पैदल मार्च, कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार पर बोला हमला

मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायकों का पैदल मार्च, कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार पर बोला हमला

चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को कांग्रेस विधायकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सभी कांग्रेस विधायक नारेबाजी और मार्च करते हुए विधानसभा पहुंचे। इस दौरान विधायकों ने सफाई कर्मियों, कौशल कर्मियों, गेस्ट टीचर्स और बिजली कर्मियों समेत तमाम कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस बार विधायकों ने कर्मचारियों के तमाम मुद्दों को उठाते हुए अपने हाथों में प्लेकार्ड लहराए।

कर्मचारियों की इन प्रमुख मांगों को लेकर किया गया प्रदर्शन

प्रदर्शन के दौरान विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इसमें सफाई कर्मियों की मांगें मानने की बात कही गई। इसके अलावा कौशल निगम कर्मियों को पक्का करने और कौशल निगम को बंद करने की मांग उठाई गई ताकि युवाओं का शोषण बंद हो सके। समान काम और समान वेतन देने, गेस्ट टीचर्स को पक्का करने तथा बिजली कर्मियों की मांगों को मानने की मांग भी शामिल रही। साथ ही फायर ब्रिगेड कर्मियों की मांग, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने, एचपीएससी चेयरमैन को हटाने, बाहरी लोगों को नौकरी में प्राथमिकता देना बंद करने और नौकरियों में पारदर्शिता की मांग भी उठाई गई।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हुआ विधानसभा तक मार्च

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में तमाम विधायक सरकार-विरोधी नारेबाजी करते हुए विधानसभा तक पहुंचे। रास्ते में एक बार फिर पुलिस ने बैरिकेडिंग की और भारी बल प्रयोग कर उन्हें रोकने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने विधायकों के साथ धक्कामुक्की करने की भी कोशिश करी। सरकार के इस रवैये की पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कड़े शब्दों में निंदा करी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखना न सिर्फ उनका अधिकार है, बल्कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता के मुद्दों को उठाना उनकी जिम्मेदारी भी है। लेकिन ऐसा लगता है कि भाजपा सरकार पूरी तरह तानाशाही पर उतर आई है और वह जनहित के मुद्दों को पूरी तरह दबाना चाहती है।

कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक उठाती रहेगी जनहित के मुद्दे

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार को यह बात याद रखनी चाहिए कि ये कांग्रेस के विधायक हैं। कांग्रेस वह संगठन है जो न किसी से डरता है और न कभी हार मानता है। जनहित के मुद्दों को पार्टी के विधायक, तमाम नेता और कार्यकर्ता सड़क से लेकर सदन तक पुरजोर तरीके से उठाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है और उनकी तमाम मांगों का पूरा समर्थन करती है।

Share:

Comments

Leave a comment