मानसून में जल निकासी में देरी पर हरियाणा के सभी जिलों से मांगी गई रिपोर्ट, रणबीर गंगवा ने दिए सख्त निर्देश

मानसून में जल निकासी में देरी पर हरियाणा के सभी जिलों से मांगी गई रिपोर्ट, रणबीर गंगवा ने दिए सख्त निर्देश

हरियाणा में मानसून के दौरान हुई बारिश को देखते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए तत्परता से कार्रवाई की। इसके बावजूद जिन स्थानों पर पानी की निकासी में अपेक्षाकृत अधिक समय लगा, अब उन स्थानों का पूरा ब्यौरा जुटाया जा रहा है। लापरवाही मिलने पर दोषी अधिकारी एवं कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रणबीर गंगवा ने मांगी सभी जिलों से रिपोर्ट

लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने प्रदेश के सभी जिलों की संबंधित सब-डिविजन से स्थानवार और डिविजनवार रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में यह जानकारी ली जाएगी कि मानसून के दौरान किन-किन स्थानों पर जलभराव हुआ। इसके अलावा यह भी देखा जाएगा कि पानी की निकासी में कितना समय लगा और यदि कहीं निकासी में देरी हुई तो उसके पीछे क्या मुख्य कारण रहे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

अधिकारियों के कार्यों की होगी समीक्षा

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बारिश की मात्रा को देखते हुए विभाग ने पूरी तत्परता से काम किया और जहां भी जरूरत पड़ी, अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। वे स्वयं भी लगातार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। फिर भी जहां पानी निकलने में देरी हुई, उसके कारणों का पता लगाना जरूरी है, ताकि व्यवस्था को और बेहतर किया जा सके। उन्होंने याद दिलाया कि पिछली बैठक में अधिकारियों को मानसून के दौरान जिला मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव और जल निकासी की स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए भी कहा गया था। साथ ही, आवश्यक साधनों और संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया था।

लापरवाही पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

गंगवा ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या जिम्मेदारी में कमी सामने आती है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसके बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को परेशानी होने की स्थिति में किसी भी स्तर पर लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वे जल्द ही विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक बैठक करेंगे। इस बैठक में सभी जिलों से प्राप्त रिपोर्ट की समीक्षा की जाएगी और जल निकासी में देरी के कारणों तथा उन्हें दूर करने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की जाएगी।

Share:

Comments

Leave a comment