सीबीएसई क्लस्टर बास्केटबॉल में मदर टेरेसा स्कूल का शानदार प्रदर्शन, अंडर-14 में बना चैंपियन

गांव मथाना चौंकी स्थित मदर टेरेसा मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-16 गल्र्स बास्केटबॉल टूर्नामेंट में विद्यालय की खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-14 वर्ग में मदर टेरेसा स्कूल की टीम चैंपियन बन गई है। इस टीम ने बिहार के रोहतास में होने वाली सीबीएसई नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वहीं अंडर-17 वर्ग में टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
प्रतियोगिता में 23 विद्यालयों की बालिका टीमों ने लिया भाग
प्राचार्य पूजा सक्सेना ने बताया कि चार दिवसीय प्रतियोगिता में हरियाणा, चंडीगढ़ व हिमाचल प्रदेश के 23 विद्यालयों की बालिका टीमों ने भाग लिया। खिलाडिय़ों ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, खेल प्रतिभा और खेल भावना का परिचय दिया है।
विभिन्न वर्गों के परिणाम
अंडर-14 वर्ग में सेंट सोल्जर डिवाइन पब्लिक स्कूल पंचकूला ने दूसरा स्थान हासिल किया है। सेंट ल्यूक्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन और सेंट टेरेसा कॉन्वेंट स्कूल करनाल संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे हैं। अंडर-17 वर्ग में सेक्रेड हार्ट स्कूल सेक्टर-26 चंडीगढ़ प्रथम स्थान पर रहा है। गुरु नानक मिशन स्कूल पांवटा साहिब दूसरे स्थान पर रहा है। गुरु नानक स्कूल सेक्टर-36 चंडीगढ़ और मदर टेरेसा मॉडर्न पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे हैं।
प्रधानाचार्या ने दी खिलाडिय़ों को बधाई
विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा सक्सेना ने खिलाडिय़ों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अंडर-14 टीम का चैंपियन बनना और नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करना पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना की है। साथ ही उन्होंने नेशनल प्रतियोगिता के लिए खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दी हैं।