तरावड़ी में 11वें श्री मुल्तान ज्योत महोत्सव का आयोजन, विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने की शिरकत

तरावड़ी में श्री मुल्तान ज्योत सभा की ओर से 11वें श्री मुल्तान ज्योत महोत्सव के तहत एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नीलोखेड़ी हलके के विधायक भगवानदास कबीरपंथी मुख्य रूप से पहुंचे। यहां पहुंचने पर आयोजकों और श्रद्धालुओं द्वारा विधायक का तिलक लगाकर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया तथा उन्हें सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महामंडलेश्वर स्वामी अद्वैत स्वरूप जी महाराज का आशीर्वचन सान्निध्य रहा।
शोभा यात्रा और भजन संध्या का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत भजन संध्या से हुई, जिसके बाद शिवशक्ति सत्संग भवन तरावड़ी से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई श्री महाबीर मंदिर, तरावड़ी पहुंची। विधायक भगवानदास कबीरपंथी ने कहा कि श्री मुल्तान ज्योत महोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और परंपराओं को मजबूत करने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा, सद्भाव और धार्मिक चेतना बढ़ती है।
हरिद्वार में भी हुआ विशेष कार्यक्रम
श्री मुल्तान ज्योत महोत्सव के तहत हरिद्वार में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरिद्वार के एकता भवन, भीम गौड़ा में विशाल भव्य ज्योत शोभा यात्रा और गंगा मैया को ज्योत अर्पण का कार्यक्रम हुआ। हरिद्वार कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एकता भवन भीम गौड़ा हरिद्वार के प्रधान जगदीश मल्होत्रा पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण धार्मिक जयकारों एवं भजनों से भक्तिमय बना रहा।