नरवाना के बेलरखा विद्यालय की छात्रा मुस्कान का आईआईएसआर भोपाल में चयन,

बेलरखा विद्यालय की छात्रा मुस्कान का भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल में चयन
राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन, चार छात्रों ने प्रतिष्ठित संस्थानों में हासिल किया दाखिला
नरवाना/नरेंद्र जेठी/ 28 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
बेलरखा विद्यालय की छात्रा मुस्कान पुत्री सुरेंद्र कुमार ने भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल में प्रवेश प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मुस्कान के चयन पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। अध्यापक प्रदीप जागलान ने बताया कि भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, भोपाल देश के प्रमुख विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थानों में शामिल है।
सम्मान और भविष्य की शुभकामनाएं
छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य बलजीत गोयत ने उसे सम्मानित किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्रा, उसके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। प्राध्यापक सुनील कुमार ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने इस वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है।
राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन
विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित राष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है। विद्यार्थियों ने भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, श्रीनगर तथा छोटूराम अभियांत्रिकी महाविद्यालय, मुरथल जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में दाखिला लेकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
प्रबंधन समिति ने दी बधाई
विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान अमित कुमार और बलिंदर शर्मा ने सभी सफल छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित यह विद्यालय प्रधानाचार्य बलजीत गोयत के कुशल निर्देशन में शैक्षणिक क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने देश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश प्राप्त किया है। इन उपलब्धियों के लिए उन्होंने प्रधानाचार्य बलजीत गोयत और विद्यालय के समस्त शिक्षकों को भी बधाई दी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।