नरवाना के राजकीय कन्या विद्यालय में हुआ नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम

नरवाना के राजकीय कन्या विद्यालय में हुआ नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नेत्रदान-एक राह रोशन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम
मृत्यु के बाद भी किसी का संसार रोशन कर सकती हैं आपकी आंखें-डॉ. देवेंद्र बिंदलिश

नरेंद्र जेठी /नरवाना / 8 सितंबर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना में नेत्रदान एक राह रोशन विषय के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में नागरिक अस्पताल नरवाना के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र बिंदलिश और उनकी चिकित्सीय टीम ने हिस्सा लिया। इस टीम ने छात्राओं को मृत्यु के बाद नेत्रदान के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र बिंदलिश के साथ उनकी सहयोगी टीम की सदस्य सहायक स्वास्थ्य कार्यकर्ता नीरज रानी और बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता कृष्णा देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मृत्यु के बाद भी रोशन हो सकता है किसी का संसार

छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र बिंदलिश ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने जीवनकाल में मृत्युपरांत नेत्रदान का संकल्प लेता है, तो उसकी मृत्यु के बाद उसकी आंखें किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकती हैं। दुनिया से जाने के बाद भी एक मृत व्यक्ति किसी ऐसे इंसान की जिंदगी को रोशन कर सकता है जो अंधेरे में जीने को मजबूर था। डॉ. देवेंद्र बिंदलिश ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों में प्रचार-प्रसार करें कि मृत्यु के बाद आंखें व्यर्थ होने के बजाय किसी जीवित व्यक्ति के काम आ सकती हैं।

चित्रकला और कविता प्रतियोगिताओं का हुआ आयोजन

इस अवसर पर छात्राओं ने चित्रकला व कविता के माध्यम से विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया और जागरूकता संदेश दिया। विद्यालय की छात्राओं ने नेत्रदान के महत्व को दर्शाते हुए पोस्टर निर्माण और कविता पाठ प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को डॉ. देवेंद्र बिंदलिश एवं चिकित्सीय टीम द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन ने चिकित्सीय टीम की सराहना की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों ने जताया आभार

विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी, स्वास्थ्य एवं कल्याण राजदूत व जीवविज्ञान प्राध्यापिका सुशीला, तथा इतिहास प्राध्यापक अमरजीत सिंह ने नागरिक अस्पताल की टीम का आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने छात्राओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस सामाजिक अभियान में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त कर्मचारी वर्ग और छात्राएं मौजूद रहीं।

Share:

Comments

Leave a comment