नारनौल में 376 पेटी अवैध शराब से भरा कैंटर पकड़ा, चालक समेत दो आरोपी गिरफ्तार

नारनौल में सीआईए पुलिस टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 376 पेटी अवैध शराब से भरा एक कैंटर पकड़ा है। इस मामले में पुलिस ने कैंटर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ नारनौल सदर थाना में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए गए कैंटर को भी जब्त कर लिया है।
जाट गुवाना टोल के पास हुई कार्रवाई
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने गुरुवार को इस मामले की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सीआईए की टीम जाट गुवाना टोल के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया कि एक कैंटर में भारी मात्रा में अवैध शराब भरी हुई है। यह शराब 152-डी हाईवे के रास्ते गुजरात ले जाई जा रही थी।
ऐसे पकड़े गए आरोपी और शराब
सूचना मिलते ही सीआईए टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर दी। पुलिस ने संदिग्ध कैंटर को रुकवा लिया। इसके बाद पुलिस ने कैंटर चालक और उसके साथ बैठे व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। दोनों ने पूछताछ में अपनी पहचान बताई। एक आरोपी राजस्थान के ताल निवासी संतोष है। दूसरा आरोपी गाजुना निवासी स्वर्ण है। कैंटर की तलाशी के दौरान पुलिस को आगे की तरफ साइकिल के डिब्बे रखे मिले।
पुलिस ने जब इन डिब्बों को हटाया तो कैंटर के पिछले हिस्से की जांच की गई। वहां छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं। गिनती करने पर कुल 376 पेटी अवैध शराब मिली। पुलिस ने आरोपियों से शराब से संबंधित लाइसेंस और परमिट मांगा। लेकिन आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने शराब और कैंटर को कब्जे में ले लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।