नारनौल में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, कांवड़ियों ने किया शिवालयों में जलाभिषेक

शिवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मोडावाला मंदिर में चढ़ाई सैकड़ों कांवड़। नारनौल शहर और आसपास के क्षेत्र में मंगलवार को शिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। हरिद्वार और ऋषिकेश से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे सैकड़ों कांवड़ियों ने विभिन्न शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
मोडावाला मंदिर में लगी लंबी कतारें
इस दौरान शहर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा। शहर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध मोडावाला मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया। शिवरात्रि को लेकर मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया था। मोडावाला मंदिर में सैकड़ों की संख्या में कांवड़ चढ़ाई गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं भी की गईं।
विभिन्न शिव मंदिरों में भक्तों का तांता
इसके अलावा छोटा-बड़ा तालाब स्थित शिव मंदिरों, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, मसानी स्थित शिवालय तथा मोहल्ला नलापुर स्थित मोटा महादेव मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। नांगल चौधरी और अटेली कस्बे के विभिन्न मंदिरों में भी शिवरात्रि पर विशेष पूजा-अर्चना की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु ढोसी तीर्थ पहुंचे और शिव कुंड में स्नान कर भगवान शिव की आराधना की।
बाघेश्वर धाम में विशाल मेला आयोजित
वहीं बाघेश्वर धाम में शिवरात्रि के अवसर पर विशाल मेले का आयोजन किया गया। हरिद्वार और ऋषिकेश से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने यहां स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।