जींद के नरवाना में सीआईए स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, चमेला कॉलोनी से महिला नशा सप्लायर गिरफ्तार

Team Atal Hind10 August 20262 min read20 viewsजींद
जींद के नरवाना में सीआईए स्टाफ की बड़ी कार्रवाई, चमेला कॉलोनी से महिला नशा सप्लायर गिरफ्तार

अटल हिन्द (atalhind.com) की इस खबर के अनुसार सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चमेला कॉलोनी नरवाना से एक महिला नशा सप्लायर को काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ी गई महिला तस्कर की पहचान मीतू, निवासी चमेला कॉलोनी नरवाना के रूप में हुई है।

महिला सप्लायर मीतू गिरफ्तार

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि सीआईए नरवाना की टीम ने सहायक उपनिरीक्षक अवतार सिंह के नेतृत्व में गत 3 जून को ठंडी सड़क नरवाना पर रेड की थी। इस दौरान पुलिस ने आरोपी सुल्तान, निवासी चमेला कॉलोनी नरवाना को 10 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था। आरोपी के खिलाफ थाना शहर नरवाना में मामला दर्ज करके पूछताछ की गई थी। पूछताछ में आरोपी सुल्तान ने बताया था कि उसकी पत्नी मीतू हेरोइन की सप्लाई का काम करती है और बरामद हेरोइन उसकी पत्नी ने ही सप्लाई की थी। सुल्तान के पकड़े जाने के बाद आरोपी महिला फरार हो गई थी।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

सीआईए टीम को खुफिया सूचना मिली थी कि आरोपी महिला आज चमेला कॉलोनी नरवाना में अपने घर पर आने वाली है। इस सूचना के आधार पर सीआईए टीम ने तुरंत चमेला कॉलोनी में निगरानी शुरू कर दी। जैसे ही आरोपी महिला कॉलोनी में आई, वैसे ही सीआईए टीम ने महिला पुलिस की मदद से आरोपी को काबू किया और नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला को माननीय अदालत में पेश करके आगामी कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जा रही है।

पुलिस की आमजन से अपील

पुलिस प्रशासन की ओर से आमजन से विशेष अपील की गई है कि नशा तस्करी अथवा अन्य अपराध संबंधी किसी भी प्रकार की सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही समाज को सुरक्षित और नशा मुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास सफल हो सकते हैं।

Share:

Comments

Leave a comment