नरवाना में कच्चे कर्मचारियों की मांगों को लेकर विधायक कृष्ण बेदी को सौंपा ज्ञापन

नरवाना में कच्चे कर्मचारियों की मांगों को लेकर विधायक कृष्ण बेदी को सौंपा ज्ञापन

कच्चे कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम विधायक कृष्ण बेदी को ज्ञापन सौंपा।

नरेंद्र जेठी /नरवाना /24 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा ने बिजली विभाग में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम नरवाना विधायक कृष्ण बेदी को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में संघ के प्रतिनिधियों द्वारा विधायक के माध्यम से सरकार को दिया गया। संघ ने सरकार से मांग की है कि कर्मचारियों को रोजगार सुरक्षा और समान सेवा सुविधाएं दी जाएं। बिजली विभाग जैसे जोखिम भरे क्षेत्र में सैकड़ों अनुबंधित कर्मचारी वर्षों से पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद इन कर्मचारियों की जायज मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्रमुख मांगें और रोजगार सुरक्षा

संघ की प्रमुख मांगों में यह शामिल है कि 5 वर्ष या उससे अधिक समय पूरा कर चुके कर्मचारियों को सिक्योरिटी ऑफ सर्विस एक्ट के तहत पक्का रोजगार सुरक्षा लाभ और नियुक्ति पत्र दिया जाए। इसके अलावा, 15 अगस्त 2024 से एरियर सहित वेतन वृद्धि का लाभ मिले। जो विभाग रोल के कर्मचारी हैं, उनको समान काम-समान वेतन की नीति लागू की जाए। एचपीजीसीएल के खेदड़ व यमुनानगर थर्मल में 5 वर्ष से कार्यरत कर्मचारियों को एचकेआरएन में शामिल कर सुरक्षा प्रदान की जाए।

भत्ते, चिकित्सा और आंदोलन की चेतावनी

कर्मचारियों के जोखिम भरे कार्य को देखते हुए सभी को जोखिम भत्ता, नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर मेडिकल पॉलिसी और सेवानिवृत्त होने पर सम्मान राशि दी जाए। मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को तुरंत नौकरी, महिला कर्मचारियों को सवैतनिक चाइल्ड केयर लीव, बिजली यूनिट छूट और शिक्षा व वर्दी भत्ते उपलब्ध कराए जाएं। कर्मचारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी वाजिब मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो संगठन राज्यव्यापी आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर होगा। इस ज्ञापन समारोह के दौरान सुभाष शर्मा, लोकेश भ्याण, बिल्लू दहिया, सुरेंद्र नायडू, राकेश शर्मा, कृष्ण, राकेश, सुशील शर्मा, पवन धीमान, योगेश शर्मा, मेहर सिंह श्योकंद, संदीप चोपड़ा, प्रदीप और समस्त साथी मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment