नरवाना में जबरन वसूली, जानलेवा हमला और हेरोइन तस्करी के मामलों में दो आरोपी और एक महिला गिरफ्तार

नरवाना आज के अपराध समाचार
थाना शहर नरवाना पुलिस की सतर्क कार्रवाई ।
जबरन वसुली मांगने, जानलेवा हमला करने व गाड़ी में तोडफ़ोड़ के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
नरेंद्र जेठी/नरवाना /15 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नरवाना क्षेत्र में अपराध की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने विभिन्न मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आईपीएस कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
थाना शहर नरवाना पुलिस ने जबरन वसूली मांगने, जान से मारने की धमकी देने और जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जितेन्द्र वासी अलीपुरा (हाल वासी पातड़ा, पटियाला) और सन्नी वासी बदोवाला (तहसील नरवाना) के रूप में हुई है। थाना शहर नरवाना के प्रभारी निरीक्षक पूर्णदास ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता हरदीप वासी बडनपुर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के पिता शराब के ठेकों में हिस्सेदार हैं और नरवाना क्षेत्र में शराब के ठेकों से संबंधित कार्य देखते हैं, जिसमें शिकायतकर्ता भी सहयोग करता है। घटना 13 सितम्बर 2026 की सुबह की है जब शिकायतकर्ता अपनी गाड़ी से गांव बदोवाला से अपने घर बडनपुर जा रहा था। जब वह शकर ढाबा के पास पहुंचा तो शिव कुमार उर्फ काला व उसके साथियों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। डर के कारण उसने अपनी गाड़ी तेज गति से आगे बढ़ाई और बदोवाला टोल की तरफ चला गया। पीछा कर रहे आरोपियों ने उसकी गाड़ी का पीछा करते हुए उस पर गंडासों और डंडों से हमला कर दिया तथा गाड़ी के शीशे तोड़ने लगे और उसके साथ मारपीट की। इस शिकायत के आधार पर थाना शहर नरवाना में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई। थाना शहर नरवाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया है जहाँ आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
थाना गढ़ी पुलिस ने 7.28 ग्राम हेरोइन मामले में महिला आरोपी को किया गिरफ्तार
नरवाना के थाना गढ़ी पुलिस ने 7.28 ग्राम हेरोइन के मामले में एक और महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ी गई महिला आरोपी की पहचान गुरप्रीत वासी रसीदा के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए थाना गढ़ी प्रभारी उपनिरीक्षक दिलबाग सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ नरवाना पुलिस ने गश्त व पड़ताल के दौरान पिपलथा से गढ़ी रोड पर नहर पुल पर दो युवकों सोनू वासी चिका और राहुल वासी सलेमपुर (जिला कैथल) को 7.28 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया था। इन आरोपियों की पूछताछ के दौरान महिला आरोपी गुरप्रीत वासी रसीदा का नाम सामने आया था। सोमवार को महिला आरोपी गुरप्रीत वासी रसीदा को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीआईए स्टाफ नरवाना ने पंजाब के नशा तस्कर को 10.26 ग्राम हेरोइन सहित किया काबू
सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ठंडी सड़क नरवाना से पंजाब के एक नशा तस्कर को 10.26 ग्राम हेरोइन सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ लाडी पुत्र परमजीत सिंह वासी वार्ड नंबर 9 घग्घा (जिला पटियाला) के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए नरवाना की एक टीम सहायक उपनिरीक्षक शमशेर सिंह के नेतृत्व में ठंडी सड़क नरवाना पर मौजूद थी। इस दौरान टीम को एक लड़का मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया जो पुलिस पार्टी को देखकर एकदम से मोटरसाइकिल पीछे मोड़ने लगा जिससे मोटरसाइकिल बंद हो गई। टीम ने किसी अपराध के अंदेशा को देखते हुए जब मोटरसाइकिल की तलाशी ली तो सीट के नीचे से 10.26 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।