नरवाना में खाकी पर हमला: डायल 112 के जवान के सिर पर सरिया से वार, गंभीर रूप से घायल

नरवाना में खाकी पर हमला! डायल 112 के जवान के सिर पर सरिया जैसी चीज से वार, सिर फटा
नरेंद्र जेठी/नरवाना /01 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नरवाना में ड्यूटी के दौरान डायल 112 की टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। इस घटना में आरोपी ने डायल 112 के जवान के सिर पर सरिया जैसी किसी चीज से वार कर दिया जिससे उनका सिर फट गया। यह पूरी घटना हरियाणा के नरवाना के अपोलो चौक क्षेत्र की है जहां मंगलवार शाम को यह मामला सामने आया।
घटना मंगलवार शाम करीब 5:15 बजे की है जब ईआरवी नंबर 374 एक कॉल मिलने के बाद मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान अपोलो चौक, नरवाना निवासी 45 वर्षीय श्यामलाल पुत्र बलवान ने डायल 112 के ड्राइवर और ईएचसी विनोद कुमार के सिर पर सरिया जैसी किसी वस्तु से जोरदार वार कर दिया। इस अचानक हुए हमले में ईएचसी विनोद कुमार के सिर में गंभीर चोट आई और उनका सिर फट गया। इस हमले के तुरंत बाद घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
शराब के नशे में कर रहा था पिता से झगड़ा
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी श्यामलाल घटना के समय शराब के नशे में धुत था। वह अपने ही पिता बलवान सिंह के साथ घर पर झगड़ा कर रहा था। परेशान होकर बलवान सिंह ने ही पुलिस की मदद लेने के लिए डायल 112 पर कॉल करके सूचना दी थी। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी श्यामलाल ने अपनी गलती मानने के बजाय कथित तौर पर पुलिसकर्मी पर ही हमला कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
ड्यूटी पर तैनात वर्दीधारी पुलिसकर्मी पर हुए इस हमले की घटना के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी श्यामलाल के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।