नरवाना में मानव सेवा सोसाइटी का निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 252 मरीजों की हुई जांच

स्वस्थ शरीर ही मनुष्य के सर्वांगीण विकास का आधार : कैलाश सिंगला
मानव सेवा सोसाइटी के निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में 252 मरीजों की जांच
मुख्य अतिथि जयपाल बंसल ने किया शिविर का शुभारंभ, समाजसेवा के प्रयासों की सराहना की
नरेंद्र जेठी/नरवाना /06 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
नरवाना में 6 सितंबर को मानव सेवा सोसायटी की ओर से जयराम नेत्र, दंत, प्रसूति एवं सामान्य अस्पताल में निशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कुल 252 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया और जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं भारत विकास परिषद के प्रधान जयपाल बंसल ने किया। उन्होंने मानव सेवा सोसायटी एवं जयराम अस्पताल के जनहित और समाज सेवा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी होते हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच
शिविर के दौरान विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं दीं। डॉ. गरिमा शर्मा ने 40 मरीजों की जांच की और डॉ. मोनिका घनघस ने 22 मरीजों को परामर्श दिया। ऑप्टोमेट्रिस्ट डॉ. शेखर राणा ने 78 मरीजों की आंखों की जांच की, जबकि डॉ. शशि बाला ने 15 मरीजों की दंत जांच की। इसके अलावा डॉ. चित्रा वत्स ने 18 मरीजों की स्त्री रोग संबंधी जांच, डॉ. आर्यन कक्कड़ ने 27 मरीजों की हड्डी संबंधी जांच और डॉ. प्रमोद जांगड़ा ने 52 मरीजों की कान, नाक एवं गला संबंधी जांच की। सभी मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के साथ आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध करवाई गईं।
स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना है शिविर का मुख्य उद्देश्य
सिद्धिविनायक सेवा समिति एवं मानव सेवा सोसाइटी के प्रधान तथा जयराम अस्पताल समिति के प्रधान कैलाश सिंगला ने कहा कि स्वस्थ शरीर ही मनुष्य के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने बताया कि इस निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं बिना किसी शुल्क के उपलब्ध करवाना है। कैलाश सिंगला ने जानकारी दी कि जयराम अस्पताल द्वारा क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं देने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिसमें नेत्र रोग, दंत रोग, हृदय एवं मधुमेह, स्त्री रोग, भौतिक चिकित्सा और 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं शामिल हैं। इस अवसर पर अधिवक्ता संजय सिंगला, राकेश शर्मा, जयपाल बंसल, संचालक डॉ. वीरेंद्र चोपड़ा, उपप्रधान डॉ. मनफूल कुंडू, कोषाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार, व्यवस्था प्रमुख डॉ. विनोद, सह-कोषाध्यक्ष डॉ. टिंकू, सह-सचिव डॉ. अमित मोर, प्रचार प्रमुख डॉ. देवा सिंह, व्यवस्था प्रमुख डॉ. संदीप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।