नरवाना में 1100 महिलाओं की कलश यात्रा के साथ शुरू होगा 11वां गणपति उत्सव एवं शिव महापुराण कथा

गणपति उत्सव एवं शिव महापुराण कथा का शुभारंभ 1100 महिलाओं की कलश यात्रा से
नरेंद्र जेठी/नरवाना /12 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
श्री सिद्धी विनायक सेवा समिति द्वारा नरवाना में 11वां गणपति उत्सव एवं शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन ग्राउंड में 13 से 21 सितंबर तक किया जाएगा। समिति प्रधान कैलाश सिंगला ने इस बात की जानकारी दी है।
अंतरराष्ट्रीय भागवत प्रवक्ता सुनाएंगे कथा
इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय भागवत प्रवक्ता आचार्य राजेंद्र महाराज वृंदावन वाले अपने मुखारविंद से कथा सुनाएंगे। वह श्रद्धालुओं के मन में कथा रूपी अमृत का रस घोलेंगे।
1100 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा
कथा की शुरूआत 13 सितंबर बाद दोपहर बाबा गैबी साहिब मंदिर से होगी। इस दौरान 1100 महिलाओं की मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह कलश यात्रा कथा स्थल पर संपन्न होगी। कलश यात्रा के लिए विभिन्न धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा जलपान की व्यवस्था की जाएगी।
कथा और भंडारे का पूरा कार्यक्रम
कथा का शुभारंभ 14 सितंबर सांय 3.15 से प्रभु इच्छा तक होगा। यह कथा 20 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद 21 सितंबर को सुबह हवन के बाद भंडारा लगाया जाएगा। तत्पश्चात कथा स्थल से जयराम अस्पताल तक गणपति आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी।
मुख्य आकर्षण और गणमान्य लोग
इस शिव महापुराण कथा में शिव पार्वती विवाह, गणेश जन्मोत्सव, द्वादश ज्योतिर्लिंग मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस अवसर पर विनोद मंगला संयोजक, राकेश शर्मा, पवन मित्तल, जयपाल बंसल, नरेश जैन, सतीश बंसल सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही समिति प्रधान कैलाश सिंगला व अन्य ने गणपति उत्सव की जानकारी दी है।