नरवाना की बेटियों का जिला स्तर पर जलवा, जीजीएसएसएस की छात्रा निशू और स्किट टीम ने जीता दूसरा स्थान

नरवाना की बेटियों का जिला स्तर पर जलवा
जीजीएसएसएस नरवाना की छात्रा निशू ने रागिनी में और स्किट टीम ने हासिल किया दूसरा स्थान
नरेंद्र जेठी/नरवाना /01 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव कक्षा 6 से 8 में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना की छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संगीत अध्यापक अनिल शर्मा के कुशल निर्देशन में तैयार की गई सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जिला स्तर पर अपनी छाप छोड़ी। प्रतियोगिता में विद्यालय की आठवीं कक्षा की छात्रा निशू ने प्रसिद्ध कवि मांगेराम रचित सुप्रसिद्ध रागनी कहके उल्टा नहीं फिरूंगा की बेहतरीन प्रस्तुति देकर एकल रागिनी स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं, विद्यालय की नाटिका लघु नाटक टीम ने भी अपनी जीवंत और संदेश पूर्ण प्रस्तुति से सभी को प्रभावित करते हुए जिला स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। इस नाटक के माध्यम से छात्राओं ने नशा मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिजिटल व उन्नत कौशल शिक्षा जैसे अति-महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर एक सशक्त एवं जागरूकता फैलाने वाला संदेश दिया। छात्राओं की इस शानदार सफलता पर प्रशिक्षित स्नातक संगीत शिक्षक अनिल शर्मा ने विद्यार्थियों एवं समाज के नाम अपना संदेश देते हुए कहा कि संगीत और कला केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह समाज को सही दिशा दिखाने और सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम हैं।
आज की युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहकर आधुनिक कौशल और शिक्षा को अपनाना चाहिए। नशा जैसी कुरीतियों से दूर रहकर बेटियां जब शिक्षा और कला के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगी, तभी एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव होगा। छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर खंड शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा, विद्यालय की प्राचार्या मीनाक्षी, मुख्य अध्यापिका शीला देवी और पूरे विद्यालय परिवार ने विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला सांस्कृतिक समन्वयक सीमा मलिक एवं जिला एफएलएन संयोजक राजेश वशिष्ठ ने भी बच्चों के प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें आगे भी इसी तरह अपनी प्रतिभा का परचम लहराने के लिए प्रेरित किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन करने के लिए विद्यालय की प्रशिक्षित स्नातक विज्ञान शिक्षक अनुराधा बंसल विशेष रूप से टीम के साथ मौजूद रहीं। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में मंच पर सुर-ताल का जादू बिखेरने में प्रसिद्ध संगीतकारों सलीम बादल और पंकज ने अपना अहम सहयोग प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि संगीत अध्यापक अनिल शर्मा इन दिनों एसआईआर कार्य की व्यस्त जिम्मेदारियों से घिरे हुए थे। इसके बावजूद, उन्होंने समय का बेहतरीन प्रबंधन करते हुए न केवल अपना शासकीय कार्य बखूबी निभाया, बल्कि बच्चों को तराशकर जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए इस उच्च स्तर पर तैयार भी किया। उनकी यह निष्ठा, लगन और समय प्रबंधन वास्तव में प्रेरणादायक है। अनिल शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में नशा मुक्ति व डिजिटल शिक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों पर बनी नाटिका और मांगेराम की रागिनी के जरिए बेटियों द्वारा यह मुकाम हासिल करना पूरे नरवाना क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।