नरवाना में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय में तिरंगा प्रदर्शनी आयोजित, एसडीएम ने किया अवलोकन

Team Atal Hind10 August 20262 min read23 viewsजींद
नरवाना में हर घर तिरंगा अभियान के तहत लघु सचिवालय में तिरंगा प्रदर्शनी आयोजित, एसडीएम ने किया अवलोकन

भारत सरकार द्वारा देशभर में गत 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्थानीय लघु सचिवालय नरवाना में तिरंगे की गरिमा एवं गौरव गाथा को प्रदर्शित करती हुई एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के सौजन्य से लगाई गई है, जिसका उद्देश्य आमजन में राष्ट्रीयता, देशभक्ति और शहीदों के बलिदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।

प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य और विशेषताएं

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

उल्लेखनीय है कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत पूरे देश में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि नागरिकों विशेषकर युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके। इसी कड़ी में नरवाना में लगाई गई यह प्रदर्शनी तिरंगे के इतिहास, उसकी संरचना, मर्यादा एवं उससे जुड़े गौरवपूर्ण प्रसंगों को प्रभावी ढंग से दर्शाती है। यह प्रदर्शनी 17 अगस्त तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी।

एसडीएम जगदीश चंद्र ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन

सोमवार को उपमंडल अधिकारी नागरिक जगदीश चंद्र ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और इसमें प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से शहीदों के बलिदान, तिरंगे के महत्व तथा उसके डिजाइन एवं चयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक कपड़े का टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह भारतीय अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्र की एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आजादी की लंबी लड़ाई में असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी, तब जाकर हमें तिरंगा फहराने का गौरव प्राप्त हुआ है।

तिरंगे के प्रति सम्मान और नागरिकों का कर्तव्य

आज देश अपनी आजादी के 79 वर्ष पूरे कर रहा है और ऐसे में हर नागरिक का यह कर्तव्य बनता है कि वह तिरंगे के प्रति सम्मान और श्रद्धा की भावना बनाए रखे। एसडीएम ने कहा कि यह अभियान देशवासियों, विशेषकर युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीयता के प्रति जागरूकता पैदा करने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रदर्शनी के माध्यम से यह भी बताया गया है कि तिरंगे का डिजाइन किस प्रकार तैयार किया गया, इसके रंगों और चक्र का क्या महत्व है तथा इसे फहराने के नियम क्या हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों, संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित करें।

Share:

Comments

Leave a comment