नरवाना में इनेलो ने किया तूफानी दौरा, सुनैना चौटाला ने नूंह सम्मान दिवस का दिया निमंत्रण

बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष विशेष जाति के कुर्ते पजामे खूंटी पर टगवाने की बात करती है तो वहीं पर कांग्रेस की पूर्व मंत्री ब्राह्मण समुदाय के ऊपर कटाक्ष करने का काम करती है जिससे साफ जाहिर होता है कि दोनों ही पार्टियों समाज में जाति-पाति का रंग घोलकर के केवल मात्र सत्ता के लिए काम कर रहे हैं
नरेंद्र जेठी/नरवाना /06 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी श्रीमती सुनैना चौटाला एवं महिला प्रदेश अध्यक्ष तनुजा कश्यप ने आज हल्का नरवाना का तूफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नरवाना के 6 गांवों में 27 तारीख को मेवात के नूंह में होने वाले ताऊ देवीलाल के सम्मान दिवस के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचने का निमंत्रण दिया। प्रत्येक गांव के कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों ने भाग लिया। लोगों ने निमंत्रण को स्वीकार करते हुए आश्वासन, विश्वास और भरोसा दिलाया कि प्रत्येक गांव से भारी संख्या में लोग ताऊ देवीलाल को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए पहुंचेंगे।
इस अवसर पर बोलते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं असुरक्षित हैं। आज हरियाणा प्रदेश महिला सुरक्षा में पूरे हिंदुस्तान में सबसे पीछे जा चुका है और असुरक्षा में एक नंबर पर खड़ा हुआ है। मौजूदा सरकार और कांग्रेस पार्टी आपस में आंख मिचोली का खेल खेल रहे हैं। कांग्रेस पार्टी वाले बीजेपी की सत्ता पलटने के नाम पर वोट लेते हैं और कहीं ना कहीं अंदरखाने भारतीय जनता पार्टी की सरकार स्थापित करवाने का काम करते हैं। जो लोग इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी को वोट काटू पार्टी कहा करते थे, आज वे अपना वोट बेचने में लगे हैं, जो कि सीधा-सीधा मतदाता के साथ धोखा है।
सुनैना चौटाला ने आगे कहा कि बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष विशेष जाति के कुर्ते पजामे खूंटी पर टगवाने की बात करती हैं। वहीं पर कांग्रेस की पूर्व मंत्री ब्राह्मण समुदाय के ऊपर कटाक्ष करने का काम करती हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि दोनों ही पार्टियां समाज में जाति-पाति का रंग घोलकर के केवल मात्र सत्ता के लिए काम कर रही हैं। उन्हें जनता के और प्रदेश के विकास से कोई लेना-देना नहीं है। आज हरियाणा प्रदेश में यदि कोई जनहितैषी पार्टी है तो वह इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी है।
ताऊ देवीलाल ने हरियाणा प्रदेश में अनेकों जनहित कार्य बिना किसी जाति और लिंग भेद के करने का काम किया। उसमें चाहे बुढ़ापा सम्मान भत्ता पेंशन देना हो, रेडियो टैक्स, साइकिल टोकन टैक्स, चुंगी कर आदि को समाप्त करना हो, छात्र-छात्राओं के लिए बस पास सुविधा उपलब्ध करवाना हो, हरिजन चौपाल बनवाना हो, जच्चा-बच्चा स्कीम लागू करना हो या कन्यादान की स्कीम लागू करना हो, ऐसे अनेकों कार्य किए जिनका प्रदेश की जनता आज भी लाभ ले रही है और जननायक ताऊ देवीलाल को आज भी याद करती हैं।
इसी प्रकार से चौधरी ओम प्रकाश चौटाला, जो हरियाणा प्रदेश के पांच बार के मुख्यमंत्री रहे, उन्होंने भी अनेकों ऐसी योजनाओं को लागू करने का काम किया। ताऊ देवीलाल जी कहा करते थे कि लोकराज, लोकराज से चलता है और सत्ता के रास्ते गांव की गलियों से होकर के निकलते हैं। आज उन्हीं महापुरुष के सम्मान दिवस का निमंत्रण मैं आपको दे रही हूं और विश्वास करती हूं कि आप ज्यादा से ज्यादा संख्या में वहां पर पहुंचेंगे। पुलिस का कार्य प्रदेश की जनता को सुरक्षा देना होता था, लेकिन आज हरियाणा प्रदेश पुलिस कूड़े की गाड़ियों को सुरक्षा दे रही है। इससे बुरे हालात प्रदेश के और क्या हो सकते हैं, इतिहास में यह सबसे पहली और सबसे बड़ी घटना है।
उपरोक्त जानकारी देते हुए पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता विजेंद्र रेड्डी ने बताया कि सारे कार्यक्रम अति सफल रहे। जिला जींद के पांचों हल्के में सुनैना चौटाला जी ने निमंत्रण देने का काम किया और प्रत्येक हल्के में लोगों ने भरपूर समर्थन और आशीर्वाद देने का काम किया। इस अवसर पर सुमित्रा देवी, प्रदीप नैन, बिल्लू पेगा, सुबे सिंह लोहान, अंग्रेज नैन, छबील दास मोर, रणधीर उझाना, दलबीर बरटा, भलेराम श्योकंद, धोला खटकड़, सुशील सरपंच, ईश्वर फौजी, राजीव चोपड़ा, बलराम खापड़, फौजी मिया सिंह, शमशेर कुंडू, सोनू कुंडू, प्रो. दयानंद, रणधीर फुलिया आदि व्यक्ति मौजूद रहे।