नरवाना में आर्य समाज का सत्संग, एनसीसी कैंप में ट्रेनिंग और 21 किलो चूरा पोस्त समेत तस्कर गिरफ्तार

नरेन्द्र जेठी द्वारा नरवाना से प्राप्त समाचारों के अनुसार, आर्य समाज में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान चन्द्रकान्त आर्य ने कहा कि भोग और विलास से रोग और दु:ख मिलते हैं, अत: मनुष्य को आत्म उन्नति और जीवन-मरण के बंधन से विमुक्ति के लिए योग साधना करनी चाहिए। यही श्रावण मास का संदेश है। उन्होंने कहा कि मनुष्य अपने कर्मों के अनुसार सुख दुख भोगता है। उपनिषदों के अनुसार परमात्मा आत्मा में उपासना के माध्यम से ही श्रेष्ठ ज्ञान, भाव, विचार और संस्कार मनुष्य को प्रेरणा स्रोत के रूप में प्रदान करता है। परमात्मा सृष्टि के साथ सभी जीवों की आत्मा में भी व्याप्त है। आर्य समाज प्रधान चंद्रकांत आर्य ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जीवन में शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक उन्नति के लिए योग साधना को सर्वोच्च माना गया है। योग से शक्ति में वृद्धि होती है। योग: कर्मसु कौशलम् सिद्धांत अनुसार निस्वार्थ भाव से परोपकारी कार्य करना ही योग है। योग के द्वारा चित्त वृत्ति का निषेध करना है। शिव अर्थात कल्याणकारी परमपिता परमात्मा सृष्टि के रचनाकार से अनंत काल तक प्राणी जगत के कल्याणार्थ प्रेरणा के स्रोत हैं।
इस अवसर पर मिथिलेश शास्त्री ने कहा कि भारत में ज्ञान-विज्ञान की परंपरा आदिकाल से ऋषि मुनियों के माध्यम से चली आ रही है। इसी परंपरा से समाज और राष्ट्र विश्व का सिरमोर रहा है। महर्षि दयानंद ने सत्यार्थ प्रकाश में लिखा है जो मनुष्य जैसा कर्म करता है वैसा ही फल मिलता है। इसलिए सदैव नि:स्वार्थ भाव से काम करते हुए 100 वर्ष जीने की कल्पना को यथार्थ में योग के माध्यम से प्राप्त करें। आज आर्य समाज नरवाना में साप्ताहिक सत्संग में सर्वप्रथम पर्यावरण शुद्धि एवं समृद्धि के लिए यज्ञ हवन किया गया। धर्मपाल, यशपाल एवं डॉ प्रताप सिंह आर्य ने भजन एवं गीतों के माध्यम से ईश्वर भक्ति, शिव आराधना का वेद अनुसार उल्लेख किया। इस अवसर पर रामकुमार आर्य, वेदपाल, किताब सिंह, संजीव एवं अन्य आर्यगण उपस्थित रहे। फोटो 1 नरवाना: आर्य समाज में पर्यावरण शुद्धि एवं समृद्धि के लिए यज्ञ हवन में मौजूद लोग।
15 हरियाणा एनसीसी बटालियन जींद द्वारा आयोजित राजीव गांधी पॉलिटेक्निक संस्थान नरवाना में एनुअल ट्रेनिंग कैंप के दौरान आज एनसीसी कैडेट्स से सुबह 5:30 से 6:30 बजे तक परेड करवाई गई जिसमें सीनियर डिवीजन व सीनियर विंग को हथियार के साथ तथा जूनियर डिवीजन व जूनियर विंग को फुट ड्रिल करवाई गई। बैटल क्राफ्ट और फील्ड क्राफ्ट के पीरियड के दौरान एनसीसी कैडेट्स को युद्ध के दौरान अपने आप को सुरक्षित रखने तथा दुश्मन का ज्यादा से ज्यादा नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने की विधियों के बारे में बताया तथा प्रैक्टिकल के दौरान कैमाफ्लेज (जगह के हिसाब से अपने आप को छुपाने की विधि) करवाई गई तथा हवलदार राजेश ड्रोन को किस प्रकार से चला सकते हैं तथा ड्रोन की बनावट व उसके कल पुर्जों के बारे में एनसीसी कैडेट्स को बताया। मनोवैज्ञानिक डॉक्टर नरेश जागलान के द्वारा विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के विषय में अपना विचार रखा और एनसीसी कैडेट्स से उनके जीवन में आई मानसिक समस्याओं के समाधान के प्रश्नों का भी जवाब दिया। एनसीसी कैडेट्स में आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए एक्सटेंपर स्पीच की प्रतियोगिता करवाई गई तथा एनसीसी कैडेट्स में खेल की भावना को विकसित करने के लिए कप रीले रेस का आयोजन किया गया। फोटो 2 नरवाना: राजीव गांधी पॉलिटेक्निक संस्थान में एनुअल ट्रेनिंग कैंप में एनसीसी कैडेट्स।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, आईपीएस के कुशल दिशा-निर्देशन में पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना गढ़ी पुलिस ने उझाना हाईवे से पीपलथा रोड पर नशीले पदार्थ की बड़ी खेप के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना गढ़ी के प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी एक टीम गश्त पड़ताल के दौरान नरवाना के गढ़ी बस अड्डा पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि उझाना हाईवे से गांव पीपलथा रोड पर एक व्यक्ति और दो महिलाएं अपने-अपने बैग व थैलों में नशीला पदार्थ लेकर साधन के इंतजार में खड़े हैं। सूचना को विश्वसनीय मानते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिया अनुसार एक युवक व दो महिला दिखाई दी। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को मौके पर काबू कर नाम पता पूछा तो उन्होंने अपना नाम मंदर उर्फ महेन्द्र वासी प्यौरी, जिला मुक्तसर (पंजाब), जसमेल कौर वासी महमासरजा, जिला भटिंडा (पंजाब) व कुलविन्द्र कौर वासी मुक्तसर (पंजाब) बताया। नियमानुसार तलाशी लेने पर चार अलग-अलग थैलों से कुल 21 किलो 700 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना गढ़ी में मामला दर्ज किया गया है। फोटो 3 नरवाना: सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम द्वारा काबू पंजाब के तीन नशा तस्कर।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह भा.पु.से. के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्यवाही करते हुए सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर धनौरी रोड दाता सिंह वाला से एक नशा तस्कर को 10.47 ग्राम हैरोइन सहित काबू करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रजत उर्फ लाहोरी वासी हंसडेहर के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए सीआईए प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया कि नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए नरवाना की एक टीम स. उप.नि. शमशेर सिंह के नेतृत्व में दाता सिंह वाला गांव में मौजूद थी कि टीम को मुखबरी मिली कि रजत उर्फ लाहोरी वासी हंसडेहर जो नशा तस्करी का धंधा करता है और इस समय धनौरी रोड पर गैस एजेंसी के नजदीक हेरोइन सप्लाई करने की फिराक में खड़ा है। सीआईए टीम तुरंत हरकत में आई और उच्च अधिकारियों को मुखबरी बारे सूचित किया व तत्परता से कार्रवाई करते हुए गैस एजेंसी के नजदीक रेड करके आरोपी को काबू किया।