नरवाना में डीएवी स्कूल के खिलाड़ियों ने खेल प्रतियोगिताओं में लहराया परचम, वेदांता स्कूल में हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता

नरवाना में डीएवी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता एसजीएफआई एवं डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स क्लस्टर टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा वेदांता इंटरनेशनल स्कूल कलौदा खुर्द में अंतरगृह वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया और हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ ने पदोन्नति में आरक्षण पर रोक के निर्णय का कड़ा विरोध किया।
डीएवी पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
एसजीएफआई एवं डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में डीएवी पब्लिक स्कूल नरवाना के खिलाडि़यों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण एवं रजत पदक जीतकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। एसजीएफआई खेल प्रतियोगिता में मन्नत एवं मानित ने ताइक्वांडो, अरमान ने शूटिंग, दक्ष ने फुटबॉल, आयुष ने जूडो तथा नवीन ने आर्चरी में स्वर्ण पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। स्वीटी एथलेटिक्स में, रुपेश और शुभम ने आर्चरी में, शौर्य और दिक्षु ने योगा में सिल्वर मेडल और ध्रुव ने स्केटिंग में ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। इसके साथ साथ डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में अंडर-14 आर्चरी टीम ने स्वर्ण एवं रजत पदक अर्जित किए। अंडर-17 आर्चरी वर्ग में रूपेश ने स्वर्ण तथा कमल ने रजत पदक जीता। अंडर-19 रिकर्व आर्चरी में नवीन ने स्वर्ण एवं आदित्य ने रजत पदक प्राप्त किया। एथलेटिक्स अंडर-19 टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। यश, आयुष, नमन ने रेसलिंग में स्वर्ण पदक, स्वीटी और प्रीति ने लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक और मानवी ने सिल्वर मेडल, अभय ने बॉक्सिंग, अरमान ने शूटिंग, ध्रुव ने स्केटिंग तथा पर्यन्ति एवं खुशबू ने रेसलिंग खेल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इन उत्कृष्ट उपलब्धियों के आधार पर विद्यालय के अनेक खिलाडय़िों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य गजेंद्र कुमार शर्मा ने सभी विजेता खिलाडि़यों, उनके अभिभावकों तथा शिक्षिका सुनीता राविश एवं समस्त स्टाफ सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में अंतरगृह वाद-विवाद प्रतियोगिता
विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, प्रभावशाली अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से वेदांता इंटरनेशनल स्कूल कलौदा खुर्द में अंतरगृह वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ भाग लिया और अपने प्रभावशाली तर्कों, स्पष्ट उच्चारण तथा सशक्त वक्तृत्व कला से सभी को प्रभावित किया। कड़े मुकाबले के बाद देवांशी एवं जागृति ने प्रथम स्थान, रिया एवं निकु ने द्वितीय स्थान, जबकि आंचल एवं रितिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा विद्यालय की प्राचार्या वीना डारा ने की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन रवि श्योकंद, डायरेक्टर इंजीनियर प्रदीप नैन एवं प्राचार्या वीणा दारा ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदोन्नति में आरक्षण पर रोक के निर्णय का विरोध
हरियाणा अनुसूचित जाति राजकीय अध्यापक संघ ने प्रदेश सरकार के मानव संसाधन विभाग द्वारा गत 3 अगस्त को जारी उन निर्देशों का कड़ा विरोध किया है, जिनके तहत पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में लंबित एलपीए के अंतिम निर्णय तक अनुसूचित जाति कर्मचारियों को प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के पदों पर पदोन्नति में आरक्षण का लाभ देने पर रोक लगा दी गई है। संघ के राज्य प्रधान डॉ. दिनेश निम्बडिय़ा ने कहा कि राज्य सरकार का यह निर्णय अनुसूचित जाति वर्ग के कर्मचारियों के साथ घोर अन्याय है।