नरवाना में सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल जारी, कांग्रेस सांसद धर्मबीर बोध ने सरकार को घेरा

नरवाना में सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल जारी, कांग्रेस सांसद धर्मबीर बोध ने सरकार को घेरा

सरकार बार-बार आश्वासन देकर मामले को टालने का काम कर रही है-कर्मबीर बोध

नरेंद्र जेठी/नरवाना /07 सितंबर  2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

नगर परिषद नरवाना में सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल जारी है इसी बीच कर्मचारियों के समर्थन में उतरे कांग्रेस के राज्यसभा सांसद कर्मबीर बोध ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नरवाना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कर्मबीर बोध ने कहा कि कर्मचारी कई वर्षों से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उन्हें बार-बार आश्वासन देकर मामले को टालने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब जब कर्मचारियों की मांग नियमितीकरण को लेकर आगे बढ़ रही है तो सरकार अलग-अलग विभागों का हवाला देकर मामले को इधर-उधर कर रही है।

कर्मबीर बोध ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के साथ बार-बार बैठकें कर आश्वासन देने के बजाय उनकी मांगों का स्थायी समाधान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों के साथ इस तरह का व्यवहार उनके साथ धोखा है।

कर्मबीर बोध ने कहा कि सफाई कर्मचारी और अग्निशमन कर्मचारी समाज के सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी सेवाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि जिन कर्मचारियों का वेतन करीब 7 हजार से 15 हजार रुपये तक है, उन्हें नियमित करने की दिशा में सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में भी कर्मचारियों को नियमित किया गया है, इसलिए वर्तमान सरकार को भी कर्मचारियों के साथ न्याय करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों की मांगों के समर्थन में खड़ी है और पूरे हरियाणा में कर्मचारियों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि विधानसभा में भी कांग्रेस इन मांगों को लेकर सरकार को घेरने का काम करेगी। कर्मबीर बोध ने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लंबे समय से चल रही हड़ताल समाप्त हो और शहर में सफाई व्यवस्था व अग्निशमन सेवाएं सामान्य हो सकें।

Share:

Comments

Leave a comment