नरवाना के लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित, एसडीएम ने दिए चार शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश

नरवाना के लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित, एसडीएम ने दिए चार शिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश

समाधान शिविर में चार शिकायतें प्राप्त, एसडीएम ने समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

नरेंद्र जेठी /नरवाना /24 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

नरवाना में सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इस शिविर की अध्यक्षता एसडीएम जगदीश चंद्र ने की। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों की ओर से शिविर में करीब चार शिकायतें एवं समस्याएं रखी गईं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

एसडीएम जगदीश चंद्र ने नागरिकों की समस्याओं को बहुत गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का नियमानुसार और समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो समस्याएं मौके पर ही हल हो सकती हैं, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। जिन मामलों में विभागीय प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक है, उनमें भी शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि वे समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की प्रगति पर पूरी नजर रखें। इसके साथ ही शिकायतकर्ता को समय पर राहत पहुंचाई जाए। प्रशासन का यह विशेष प्रयास है कि आमजन को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। इसी मुख्य उद्देश्य के साथ इन समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन नागरिकों को सुगम और बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

एसडीएम ने जानकारी दी कि आमजन की सुविधा के लिए ये समाधान शिविर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से यह अपील भी की कि वे निर्धारित समय पर शिविर में पहुंचकर अपनी-अपनी समस्याएं रखें और इस सरकारी सुविधा का पूरा लाभ उठाएं।

इस अवसर पर कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें नायब तहसीलदार रणवीर सिंह, एसडीओ जन स्वास्थ्य विभाग कुलदीप सिंह, सिंचाई विभाग से जेई अजय शर्मा, लोक निर्माण विभाग से जेई प्रदीप शर्मा, पुलिस विभाग से पूजा, वन विभाग से संदीप सिंह, नगर परिषद से डीईओ उमेश सिंह, सहायक खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से रीटा रानी, सीडीपीओ कार्यालय से रितु व रेखा तथा बीईओ कार्यालय से तेजवीर सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

Share:

Comments

Leave a comment