नरवाना के SD महिला महाविद्यालय में 3 दिवसीय बेकरी वर्कशॉप संपन्न

Atal Hind Team Online14 August 20262 min read13 viewsजींद
नरवाना के SD महिला महाविद्यालय में 3 दिवसीय बेकरी वर्कशॉप संपन्न

एस.डी. महिला महाविद्यालय में बेकरी प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल समापन

नरवाना /14 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स /नरेंद्र जेठी

एसडी महिला महाविद्यालय नरवाना में महिला प्रकोष्ठ एवं उद्यमिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित तीन दिवसीय बेकरी प्रशिक्षण कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं एवं ग्रामीण महिलाओं को बेकरी उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना रहा।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को केक, ब्रेड, बिस्कुट सहित विभिन्न बेकरी उत्पाद तैयार करने की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। रुक्मणी मैडम, निशा मैम एवं मनेश मैम ने प्रतिभागियों को विशेष रूप से ढोकला एवं कप केक तैयार करने की विधि का प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया और स्वयं विभिन्न उत्पाद तैयार करना सीखा।

इसके साथ ही उत्पादों की गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग तथा छोटे स्तर पर व्यवसाय शुरू करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। पंजाब नेशनल बैंक प्रशिक्षण केंद्र डायरेक्टर हितेश कालडा ने भी सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण लेने पर बधाई दी और उन्हें आगे भी ऐसे वर्कशॉप में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के समापन अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने अपने फीडबैक साझा करते हुए कहा कि प्रशिक्षण उनके लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा।

उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला के माध्यम से उन्हें घर पर बेकरी उत्पाद तैयार करने के साथ-साथ इन्हें व्यवसाय के रूप में अपनाने की नई जानकारी मिली। महिलाओं ने भविष्य में भी इस प्रकार के कौशल एवं स्वरोजगार आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाने की इच्छा व्यक्त की। प्रतिभागी महिलाओं ने महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजना लोहान एवं पंजाब नेशनल बैंक की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपनी प्रतिभा और कौशल को निखारने का अवसर प्रदान किया गया।

उन्होंने इस अवसर के लिए महाविद्यालय प्रशासन एवं प्रशिक्षकों को धन्यवाद दिया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने की इच्छा व्यक्त की। इस अवसर पर उद्यमिता विभाग की प्रभारी डॉ. नयनदीप एवं डॉ. अनीता छाबड़ा ने तीन दिवसीय कार्यशाला में अनुशासन बनाए रखने और निपुणता से सीखने के लिए उन्हें बधाई दी।महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजना लोहान ने कहा कि इस प्रकार के कौशल आधारित प्रशिक्षण युवतियों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

बेकरी जैसे लघु व्यवसाय को छोटे स्तर से शुरू करके स्वरोजगार का माध्यम बनाया जा सकता है। ऐसे प्रशिक्षण महिलाओं में व्यावहारिक कौशल के साथ-साथ आत्मविश्वास एवं उद्यमिता की भावना भी विकसित करते हैं। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यशाला का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ और प्रतिभागियों ने महाविद्यालय एवं पंजाब नेशनल बैंक सच्चा खेडा द्वारा उन्हें सीखने का अवसर प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया।

Share:

Comments

Leave a comment