नरवाना में 61 फुट ऊंचे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

हरियाणा के नरवाना में 61 फुट ऊंचे तिरंगे के साथ तिरंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी एवं महंत श्री अजय गिरी जी महाराज ने विशाल राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान पूरा प्रांगण देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति की भावना से गूंज उठा।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि 15 अगस्त का दिन प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व, उल्लास और शहीदों को श्रद्धांजलि देने का पावन अवसर है। यह दिन हमें आजादी के लिए हुए लंबे संघर्ष और बलिदानों की याद दिलाता है तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने कर्तव्यों का एहसास कराता है। सोमवार को स्थानीय बाबा गेबी साहब मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि 1857 से शुरू हुई स्वतंत्रता की लड़ाई 1947 में जाकर सफल हुई। इस दौरान देश के लाखों वीर सपूतों ने अपने प्राण न्योछावर किए। शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे क्रांतिकारियों ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, वहीं महात्मा गांधी के नेतृत्व में चले आंदोलनों ने देशवासियों को एकजुट कर आजादी की राह को मजबूत किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल जश्न का अवसर नहीं, बल्कि शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लेने का दिन भी है। हर नागरिक को चाहिए कि वह देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दे। इसी भावना से भारत को विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाया जा सकता है। कार्यक्रम से पूर्व कैबिनेट मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगा को सलामी दी। उन्होंने कहा कि आजादी के 79 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। किसानों, व्यापारियों, उद्यमियों, कर्मचारियों, पत्रकारों और आमजन के संयुक्त प्रयासों से देश निरंतर आगे बढ़ रहा है और विश्व में एक सशक्त लोकतंत्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए 9 से 17 अगस्त तक चलाए जा रहे 'हर घर तिरंगा' अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी एवं महंत श्री अजय गिरी जी महाराज ने 61 फुट ऊंचे विशाल राष्ट्रीय ध्वज को अपने करकमलों से फहराकर तिरंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ किया। इस दौरान पूरा प्रांगण देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति की भावना से गूंज उठा। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि देश की आजादी, सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों एवं शहीदों को सदैव याद रखना और उन्हें नमन करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि आज हमारा देश जिस गौरव और स्वतंत्रता के साथ आगे बढ़ रहा है, वह हमारे वीर शहीदों की कुर्बानियों का परिणाम है। हमें उनके बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
रोटरी क्लब नरवाना के प्रधान दीपक मित्तल ने क्लब की सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि रोटरी क्लब नरवाना हमेशा समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता के लिए तत्पर रहा है। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा बहुत जल्द जरूरतमंद लोगों की सुविधा के लिए शव वाहन उपलब्ध करवाया जाएगा और गरीब एवं जरूरतमंद कन्याओं के विवाह, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा तथा अन्य जनहित के कार्यों में भी रोटरी क्लब निरंतर बढ़-चढक़र योगदान दे रहा है। क्लब का प्रयास है कि सेवा के प्रत्येक क्षेत्र में जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचे और समाज में सकारात्मक बदलाव आए। विकास गुप्ता ने कुशल मंच संचालन किया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, प्रबुद्धजनों एवं रोटरी क्लब के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विशाल 61 फुट ऊंचे तिरंगे के ध्वजारोहण के साथ तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हुआ और उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने का संकल्प लेते हुए वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर महंत अजय गिरी, दीपक मित्तल, राजेन्द्र बांसल, अमित गोयल, मोहनलाल गर्ग, प्रवीण मित्तल, बलदेव कांगड़ा, रिछपाल शर्मा, हंसराज समैण, सुरेंद्र प्रजापति, दिनेश गोयल, सत्यवान शर्मा, सुरेश पांचाल, अमनदीप गुप्ता, सुशील शास्त्री, विनय मित्तल, रणधीर कश्यप, सतीश सैनी, एडवोकेट राजेश शर्मा, प्रमोद शर्मा, कैबिनेट मंत्री के निजी सहायक मनोज कुमार, मीडिया प्रभारी संजय बल्हारा, जसवीर नैन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।