नरवाना में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

आजादी के राष्ट्रीय पर्व के उपलक्ष्य में हरियाणा के नरवाना में एक भव्य विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का नेतृत्व प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने किया और जिला भाजपा अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल व कर्ण प्रताप सिंह विशेष रूप से उनके साथ मौजूद रहे। शहर के रेलवे स्टेशन से यह तिरंगा यात्रा शुरू हुई और मुख्य बाजार से गुजरते हुए शहीद भगत सिंह चौक पर इसका समापन हुआ।
तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री की अगुवाई में अपने हाथों में तिरंगा उठाए सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इस यात्रा में शहर के कई गणमान्य व्यक्ति, समाजसेवी संस्थाएं, संगठन, युवा क्लब और गैर सरकारी संस्थाओं के लोग शामिल हुए। यात्रा में शामिल सभी लोग कैबिनेट मंत्री के साथ देश के शहीद अमर रहे, शहीद भगत सिंह अमर रहे, सभी देशभक्त अमर रहे, आजादी के पुरोधा अमर रहे और भारत माता की जय के नारे पूरे जोश के साथ लगा रहे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी व अन्य महानुभावों ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प भी अर्पित किए।
कैबिनेट मंत्री ने सभी गणमान्य लोगों के साथ सड़क पर स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस, शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु तथा सुखदेव सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण किया और शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि दी। तिरंगा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर बोलते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने अगस्त को देश भक्तों के बलिदान की गौरवगाथा का महीना बताया। उन्होंने कहा कि इस महीने की 15 तारीख को सन 1947 में हमारे देश को आजादी मिली और यह आजादी करीब 90 साल के देश के सूरमाओं द्वारा लड़ी गई लंबी लड़ाई के बाद प्राप्त हुई।
स्वतंत्रता संग्राम में देश की आजादी के लिए कोटि-कोटि जाने-अनजाने सूरमाओं, देश भक्तों, राष्ट्र भक्तों और वीर जवानों ने अपनी जान न्योछावर की। अगस्त का महीना उन सभी शहीदों और देश भक्तों की शहादत तथा कुर्बानी को सलाम करने का महीना है। शहीदों को नमन करने और अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से ही देश भर में प्रत्येक विधानसभा स्तर पर सरकार ने तिरंगा यात्रा निकालने का फैसला लिया है, जिसके तहत नरवाना के सभी लोगों द्वारा इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से शहीदों को नमन किया जा रहा है।