इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय कैथल में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया
कैथल/29 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
इंदिरा गांधी (पीजी)महिला महाविद्यालय, कैथल में महान हॉकी खिलाड़ी एवं ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राओं ने विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ-साथ सूर्य नमस्कार ,योगा एवं जुम्बा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी को याद कर उनके जीवन एवं उपलब्धियों से प्रेरणा लेना था। योगा के माध्यम से छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, एकाग्रता और तनाव मुक्त जीवन का संदेश दिया गया, जबकि जुम्बा के माध्यम से फिटनेस, ऊर्जा, उत्साह और सक्रिय जीवन शैली को अपनाने की प्रेरणा दी गई।

महाविद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान श्री राम बहादुर खुरानिया ने मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे भारत के महानतम हॉकी खिलाड़ियों में से एक थे। उन्होंने 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक खेलों में भारत के स्वर्णिम प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 1936 के बर्लिन ओलंपिक में उन्होंने भारतीय हॉकी टीम का नेतृत्व किया और अपने शानदार खेल से विश्वभर में भारत का नाम रोशन किया। उनकी अद्भुत खेल प्रतिभा के कारण उन्हें ‘हॉकी का जादूगर’ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी का जीवन हमें अनुशासन, समर्पण, मेहनत और देश के प्रति निष्ठा की प्रेरणा देता है। खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों एवं योग जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग ने मेजर ध्यानचंद जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन और खेल के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है और प्रत्येक छात्रा को अपने दैनिक जीवन में योग, व्यायाम एवं खेल जैसी गतिविधियों को शामिल करना चाहिए।
सायं कालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर ने भी छात्राओं को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित शारीरिक गतिविधियां न केवल शरीर को स्वस्थ रखती हैं, बल्कि आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और मानसिक एकाग्रता को भी बढ़ावा देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने योगा एवं जुम्बा के माध्यम से यह संदेश दिया कि फिटनेस केवल शरीर को स्वस्थ रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक प्रसन्नता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी आधार है। योग के माध्यम से एकाग्रता, संतुलन और मानसिक शांति का संदेश दिया गया, वहीं जुम्बा के माध्यम से नियमित व्यायाम को आनंद और उत्साह के साथ जीवनशैली का हिस्सा बनाने की प्रेरणा दी गई।कॉलेज की दो छात्राओं ने भाषण के माध्यम से मेजर ध्यान चंद जी को नमन किया ।
इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग से प्रो. सविता व कोच आशु ने भी सभी को उत्तम स्वास्थ्य के लाभों से अवगत करवाया ।
मौके पर कॉलेज के अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राध्यापिकाओं एवं छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का समापन मेजर ध्यानचंद जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा खेल, योग और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के संकल्प के साथ हुआ।