राष्ट्रीय खेल दिवस पर कैथल पुलिस लाइन में हुए खेल मुकाबले, क्रिकेट में पुलिस लाइन और वॉलीबॉल में तितरम थाना रहा विजेता

राष्ट्रीय खेल दिवस पर कैथल पुलिस लाइन में हुए खेल मुकाबले, क्रिकेट में पुलिस लाइन और वॉलीबॉल में तितरम थाना रहा विजेता

कैथल पुलिस लाइन में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में उत्साह और जोश के साथ शनिवार को संपन्न हुआ। प्रतियोगिताओं की शुरुआत मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ की गई। पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार आयोजित इन खेल प्रतियोगिताओं में जिला पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान क्रिकेट, वॉलीबॉल और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन मुकाबलों में पुलिसकर्मियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। कार्यक्रम की शुरुआत में अधिकारियों की मौजूदगी में टीमों के बीच टॉस करवाकर विभिन्न मुकाबलों की शुरुआत करवाई गई। खेल मैदान में पुलिसकर्मियों का उत्साह देखने ही बन रहा था और जवानों ने अपनी-अपनी टीमों को जीत दिलाने के लिए पूरे जोश के साथ प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डीएसपी हेडक्वार्टर बीर भान, डीसीपी क्राइम सुशील प्रकाश, डीएसपी एईसी रमेश चंद्र तथा डीएसपी कलायत रोहताश जांगड़ा सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

क्रिकेट में पुलिस लाइन की टीम ने मारी बाजी

क्रिकेट प्रतियोगिता की जिम्मेदारी पुंडरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवकुमार को सौंपी गई थी। क्रिकेट का यह मुकाबला डीपीओ और पुलिस लाइन की टीम के बीच खेला गया। डीपीओ टीम की कप्तानी एएसआई रामजुवारी ने की तथा पुलिस लाइन टीम की कप्तानी एएसआई राकेश कुमार ने संभाली। टॉस जीतकर डीपीओ टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 177 रन बनाकर पुलिस लाइन की टीम के सामने जीत के लिए लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस लाइन की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और बेहतर बल्लेबाजी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के साथ क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता पुलिस लाइन की टीम बनी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

वॉलीबॉल में तितरम थाना टीम का शानदार प्रदर्शन

वॉलीबॉल प्रतियोगिता की जिम्मेदारी सदर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर कुलदीप देशवाल को दी गई थी। इस प्रतियोगिता में तितरम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार की टीम का मुकाबला एएसआई महाबीर की कप्तानी वाली टीम के साथ हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को काफी रोमांचक बना दिया। हालांकि इंस्पेक्टर रमेश कुमार की टीम ने लगातार बेहतर तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दोनों सेट अपने नाम कर लिए। तितरम थाना टीम ने यह मुकाबला 2-0 से जीतकर वॉलीबॉल प्रतियोगिता पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया।

रस्साकशी में एएनसी-एवीटी टीम ने दिखाया अपना दमखम

रस्साकशी प्रतियोगिता का जिम्मा स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपा गया था। इस मुकाबले में एएनसी-एवीटी और एसडीयू-सीआईए की टीमें आमने-सामने रहीं। एएनसी-एवीटी टीम की कप्तानी एएसआई जसमेर ने की, जबकि एसडीयू-सीआईए टीम का नेतृत्व एएसआई जसबीर सिंह ने किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत, सामंजस्य और टीमवर्क का बेहतरीन प्रदर्शन किया। मुकाबले में एएनसी-एवीटी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीनों राउंड जीत लिए और 3-0 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

विजेता टीमों को किया गया सम्मानित और दी गई रिफ्रेशमेंट

प्रतियोगिताओं के समापन पर सभी विजेता टीमों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने खेलों में भाग लेने वाले सभी पुलिसकर्मियों की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को मजबूत करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आपसी समन्वय और नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा देते हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मचारियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ और सक्रिय बनाए रखना रहा है। पुलिसकर्मियों ने खेल मैदान में जिस उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया, उससे कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह से खेलमय नजर आया। अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए ड्यूटी के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस भी बेहद महत्वपूर्ण होती है। एक स्वस्थ और फिट पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन अधिक ऊर्जा और प्रभावी ढंग से कर सकता है। ऐसे आयोजनों से पुलिस कर्मचारियों में आपसी भाईचारा और टीम भावना भी मजबूत होती है। कार्यक्रम के उपरांत सभी पुलिसकर्मियों के लिए रिफ्रेशमेंट की उचित व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान पुलिसकर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम की तस्वीरें भी संलग्न की गई हैं।

Share:

Comments

Leave a comment