सांसद नवीन जिंदल ने की गोताखोर परगट सिंह की तारीफ, कहा- समाज के सच्चे सेवक हैं

भाखड़ा नहर किनारे गोताखोर प्रगट सिंह से मिले सांसद; बोले- ऐसे सेवाभावी लोगों के लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं
गोताखोर प्रगट सिंह ने सांसद जिन्दल को दी जानकारी, अब तक 25 हजार शव निकाले, 6 हजार लोगों की जान बचाई; सांसद नवीन जिन्दल ने संसाधन उपलब्ध कराने का दिया भरोसा
कैथल में सांसद नवीन जिंदल ने भाखड़ा नहर के किनारे गोताखोर परगट सिंह से मुलाकात की। यह मुलाकात कुरुक्षेत्र से कैथल आते समय हुई। सांसद ने गोताखोर परगट सिंह का कुशलक्षेम जाना और मानवता की सेवा के उनके मिशन की विस्तृत जानकारी ली।
कैथल/30 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
गोताखोर परगट सिंह ने दी अपने सेवा कार्यों की जानकारी
गोताखोर परगट सिंह ने सांसद जिंदल को अपनी 26 वर्षों की सेवा यात्रा के बारे में बताया। उन्होंने जानकारी दी कि वे अब तक करीब 25 हजार शवों को पानी से निकालकर परिजनों को सौंप चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने करीब 6 हजार लोगों की जान डूबने से बचाई है।
जीव-जंतुओं की भी बचाई जान
मानव सेवा के साथ-साथ परगट सिंह जीव-जंतुओं की जान बचाने का काम भी करते हैं। उन्होंने अब तक करीब 900 गायों और अन्य जीव-जंतुओं को पानी से निकालकर बचाया है। इसके साथ ही 29 मगरमच्छों को भी जोहड़ तालाब और नहर से पकड़कर क्षेत्र के लोगों को सुरक्षा प्रदान की है।
सांसद नवीन जिंदल ने दिए संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन
सांसद नवीन जिंदल ने गोताखोर परगट सिंह के मिशन की जानकारी लेने के बाद उन्हें समाज का सच्चा सेवक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवाभावी लोगों के लिए उनके दरवाजे हमेशा खुले हैं। सांसद ने प्रगट सिंह को आश्वासन दिया कि सेवा कार्य के लिए उन्हें जिन संसाधनों की आवश्यकता होगी, वे उपलब्ध कराए जाएंगे। सांसद ने कहा कि हजारों शवों को नहरों और तालाबों से निकालकर परिवारों तक पहुंचाना आसान काम नहीं है। उन्होंने करोड़ों देशवासियों की ओर से प्रगट सिंह और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।
गोताखोर परगट सिंह ने जताया आभार
गोताखोर परगट सिंह ने सांसद नवीन जिंदल से मुलाकात को गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सांसद एक सफल उद्योगपति, जनप्रतिनिधि और नेक इंसान हैं। इस अवसर पर भाजपा नेता जयभगवान शर्मा डीडी, डॉ. जगविंद्र सिंह विर्क और प्रकट सिंह की टीम के सदस्य सहित कई लोग उपस्थित रहे।