नवीन जिंदल ने किया नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सात संकल्पों पर होगा काम

महिला सशक्तिकरण के लिए सात संकल्पों के साथ आगे बढ़ेगा अभियान : नवीन जिन्दल
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान’ का शुभारंभ, गांव संघौर से होगी पहले चरण की शुरुआत
लाडवा/मानव गर्ग /29 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सांसद नवीन जिंदल ने शनिवार को नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं को उनके हुनर को रोजगार और बाजार से जोड़ने के लिए तैयार किया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में नवीन जिंदल फाउंडेशन की ओर से हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए विभिन्न प्रकार के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान की मुख्य बातें और उद्देश्य
सांसद नवीन जिंदल ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना केवल एक परिवार को मजबूत करने तक सीमित नहीं है। इससे पूरे समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं में प्रतिभा, मेहनत और कुछ नया करने का जज्बा है। जरूरत केवल उनके हुनर को सही प्रशिक्षण, बाजार और अवसर उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान को सात संकल्पों के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए उनके द्वार हमेशा खुले हैं।
गांव संघौर से होगी पहले चरण की शुरुआत
सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अभियान का पहला कार्यक्रम लाडवा हलके के गांव संघौर में आयोजित किया जाएगा। नवीन जिंदल फाउंडेशन की टीम गांव के सरपंच और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ लगातार संपर्क में है। गांव की महिलाओं के पारंपरिक हुनर, उनकी जरूरतों, स्थानीय संसाधनों और रोजगार की संभावनाओं को समझकर प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जा रही है। यह पूरा प्रयास रहेगा कि प्रशिक्षण केवल जानकारी तक सीमित न रहे, बल्कि महिलाओं को तैयार उत्पाद के लिए बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने में भी मदद मिले।
अभियान के सात प्रमुख संकल्प
सांसद नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में यह अभियान सात प्रमुख संकल्पों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। इन संकल्पों में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए कौशल प्रशिक्षण देना, महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाना, तथा स्वरोजगार एवं छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन और सहयोग देना शामिल है। इसके अलावा, महिलाओं को डिजिटल साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। ग्रामीण महिलाओं के पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा तथा बैंक ऋण एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता की जाएगी। साथ ही, सफल महिला उद्यमियों को मेंटॉर के रूप में जोड़कर अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिलाया जाएगा। इस अवसर पर अध्यक्ष शिव गुप्ता, नगरपालिका चेयरपर्सन साक्षी खुराना, आशा शर्मा, वैभव अग्रवाल, नरेंद्र दबखेड़ा, रोहित गर्ग, नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान के कोर्डिनेटर भूषण मंगला, डॉ. राज कुमार सहित नवीन जिंदल फाउंडेशन की टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।