मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अंत्योदय की नीति के साथ चला रहे सरकार: सतबीर मंगोली

लाडवा हल्का बीएलए-1 सतबीर मंगोली ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अंत्योदय की नीति के साथ सरकार चला रहे हैं। पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को आगे बढ़ाने की नीति के तहत पात्र नागरिकों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं की यह जिम्मेदारी है कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी योग्य पात्र लोगों तक पहुंचाएं। कार्यकर्ताओं को पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन भी करवाना चाहिए। यह बात सतबीर मंगोली ने गांव धनानी में आयोजित टिफिन बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की नीतियों और योजनाओं को धरातल पर लागू करवाने में अपनी अहम भूमिका निभाएं। कार्यकर्ताओं को जरूरतमंद और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलवाना चाहिए।
दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना और महिलाओं को सहायता
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चुनाव के दौरान महिलाओं से वादा किया था कि सरकार बनने पर उन्हें 2100 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। इस वादे को पूरा करते हुए सरकार ने अपने पहले ही बजट में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए बजट का प्रावधान किया है। हाल ही में इस योजना की किस्त जारी की गई है। इसके तहत 9 लाख 98 हजार लाभार्थी बहन-बेटियों के खातों में 209 करोड़ 69 लाख रुपये की राशि भेजी गई है। अब तक कुल नौ किस्तों में 1,832 करोड़ 69 लाख रुपये की राशि लाभार्थियों को दी जा चुकी है। 25 सितंबर 2025 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के 109वें जन्मदिवस के अवसर पर दीन दयाल लाडो लक्ष्मी ऐप का शुभारंभ किया गया था। चालू वित्त वर्ष के बजट में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस योजना के लिए 6,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
पंचायती भूमि और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना
सरकार ने पंचायती भूमि पर 20 वर्ष से अधिक समय से मकान बनाकर रह रहे पात्र नागरिकों को मालिकाना हक देने की योजना भी लागू की है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे अधिक से अधिक पात्र ग्रामीणों के समाधान पोर्टल के माध्यम से आवेदन करवाएं। इसी प्रकार प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कम आय वाले परिवारों को दो किलोवाट तक के सोलर सिस्टम का लाभ दिया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों को इस योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से 60 हजार रुपये की सहायता दी जाती है। इसके अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया है कि वे अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को इस योजना सहित सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें। इस मौके पर जिला महासचिव रीना सैनी, मंडल अध्यक्ष विकास शर्मा जालखेड़ी, सरपंच सुख श्याम, अनिल टाटकी, प्रदीप विंट, चंद्रकांता, रघबीर कसीथल सहित अन्य गण्यमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।