पंजाब के मुख्यमंत्री केवल चुटकुले सुनाकर टाइम पास कर रहे : नायब सिंह सैनी

पंजाब के मुख्यमंत्री केवल चुटकुले सुनाकर टाइम पास कर रहे : नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़, 22 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान केवल चुटकुले सुनाकर अपना टाइम पास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री से सवाल पूछते हुए कहा है कि भगवंत मान जनता को यह बताएं कि आम आदमी पार्टी द्वारा पिछले चुनाव के समय महिलाओं और युवाओं से जो वादे किए गए थे, उनका क्या हुआ?

आम आदमी पार्टी के वादों पर उठाए सवाल

आम आदमी पार्टी ने महिलाओं से हर महीने 1000 रुपये देने का वादा किया था। अब सरकार बने 5 साल होने को हैं और अगले चुनाव सिर पर आ गए हैं। इसके बावजूद पंजाब के मुख्यमंत्री स्टेज से महिलाओं से यह पूछ रहे हैं कि बहन एक महीने के पैसे खाते में डालूं या दो महीने के या तीन महीने के? मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह मजाक नहीं तो और क्या है?

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

कानून-व्यवस्था और युवाओं पर असर

इसी प्रकार कानून-व्यवस्था की खराब हालत के चलते इंडस्ट्री पंजाब से पलायन कर रही है। इस वजह से युवाओं के सामने रोजगार का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। हताश और निराश युवा लगातार नशे के दलदल में धंसता जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को पंजाब के पटियाला जिले के घनौर कस्बे में आयोजित तीज महोत्सव में पंजाब की मातृशक्ति को संबोधित कर रहे थे।

तीज महोत्सव में महिलाओं को संदेश

उन्होंने महिलाओं को नारी सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिलाओं को कोथलियां और सूट वितरित किए। इसके साथ ही उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिला कलाकारों को भी सम्मानित किया।

पंजाब की जनता अब पूरी तरह जागरूक

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले चुनाव में तो आम आदमी पार्टी ने पंजाब के लोगों को गुमराह करके वोट ले लिए थे। लेकिन इस बार पंजाब की जनता, और विशेषकर माताएं-बहनें पूरी तरह से जागरूक हो चुकी हैं। इस बार महिलाएं पंजाब में बदलाव करने के लिए पूरी तरह तत्पर हैं। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से बहुत प्रभावित हैं और पंजाब में भाजपा की सरकार बनाकर पुन: हंसता-खेलता पंजाबए बनाएंगी। पंजाब का युवा वर्ग भी अब यहां भाजपा सरकार बनाने का मन बना चुका है।

भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा जैसी योजनाएं

उन्होंने ऐलान किया कि हरियाणा में महिलाओं के लिए जितनी भी योजनाएं लागू की गई हैं, वे सब पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद यहां के लोगों के लिए भी लागू की जाएंगी। हरियाणा की तरह ही पंजाब के किसानों की सभी फसलों को भी एमएसपी पर खरीदा जाएगा। इसके अलावा आलू सहित अन्य सब्जियों व फलों के लिए भावांतर भरपाई योजना लागू की जाएगी।

तीज पर्व और कोथली की परंपरा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं को तीज की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार केवल सावन की हरियाली और खुशियों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह सुहाग, सौभाग्य, प्रेम, श्रद्धा और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का बड़ा पर्व है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज वे अपनी बहनों के बीच भाई बनकर उनके लिए कोथली लेकर आए हैं। इस कोथली में केवल मिठाई नहीं है, बल्कि रिश्तों की मिठास, सम्मान की खुशबू और बहनों की खुशहाली की दुआ भी शामिल है।

Share:

Comments

Leave a comment