सीएम नायब सैनी ने मुरथल DCRUST में किया 'दक्षता विकास केंद्र' का उद्घाटन, युवाओं को दिए 3 संकल्प

Atal Hind Team Online13 August 20263 min read27 viewsसोनीपत
सीएम नायब सैनी ने मुरथल DCRUST में किया 'दक्षता विकास केंद्र' का उद्घाटन, युवाओं को दिए 3 संकल्प

मुख्यमंत्री सैनी ने युवाओं को तीन संकल्प लेने का किया आह्वान

दक्षता विकास केंद्र युवाओं के कौशल, आत्मविश्वास और उज्जवल भविष्य की आधारशिला : मुख्यमंत्री सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल में क्षेत्रीय दक्षता विकास केंद्र का किया उद्घाटन

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

रणबीर सिंह रोहिल्ला/ सोनीपत/13 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को सोनीपत स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल में क्षेत्रीय दक्षता विकास केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्रदेश के युवाओं के कौशल, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है, इस कौशल प्रयोगशाला से सीखकर युवा सीधे उद्योगों तक पहुंचेगा। उनके सपनों को रोजगार, उद्यम तथा राष्ट्र-निर्माण की शक्ति मिलेगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वविद्यालय के मेधावी स्कॉलर और शिक्षकों को एक्सीलेंस अवॉर्ड दिए। उन्होंने दक्षता विकास केंद्र लैब का स्वयं अवलोकन किया और विद्यार्थियों से बातचीत करके उन्हें बधाई भी दी। उन्होंने वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड वोल्वो समूह और आइशर मोटर्स के इस संयुक्त उद्यम के इस प्रयास को उद्योग और अकादमिक जगत के बीच विश्वास का सेतु बताया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विद्यार्थियों से तीन संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पहला संकल्प जीवन भर सीखते रहें, क्योंकि तकनीक बदलती है और सीखना ही हमें प्रासंगिक रखता है। दूसरा संकल्प कौशल के साथ चरित्र निर्माण करें, क्योंकि ज्ञान शक्ति देता है, पर ईमानदारी उस शक्ति को सही दिशा देती है। तीसरा संकल्प जो सीखें, उसका कुछ अंश समाज को लौटाएं, क्योंकि सफलता का सर्वोच्च रूप सेवा है।

उन्होंने कहा कि याद रखिए, डिग्री आपको पहला अवसर दे सकती है, लेकिन अनुशासन, परिश्रम और संवेदनशीलता ही आपको दूर तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमारे सामने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प रखा है। आज रखी जा रही इस आधारशिला और हमारे प्रयासों का वास्तविक परिणाम भविष्य में हमारे सामने आएगा। उन्होंने कहा कि आज ऑटोमोबाइल क्षेत्र बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहा है।

इसलिए कौशल भी स्थिर नहीं रह सकता, जो कल मैकेनिक था, आज वह मेका-ट्रॉनिक्स तकनीशियन है। जो कल कमी देखकर अनुमान लगाता था, आज वह डेटा पढ़कर निदान करता है। मैं चाहता हूं कि हरियाणा का युवा इस बदलाव का दर्शक नहीं, नायक बने। यही हमारी सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि युवाओं को तराशने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर कौशल विकास पर कार्य कर रही है।

हरियाणा कौशल विकास मिशन का गठन किया गया है तथा जिला पलवल के दुधौला में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की पहचान किसान, जवान, खिलाड़ी और अब तेजी से आगे बढ़ते तकनीकी कौशल से है।

हमें ऐसी शिक्षा चाहिए जिसमें हमारा युवा विश्वस्तरीय तकनीक सीख सके। हमारी बेटियां ऑटोमोबाइल डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स, डेटा और डायग्नोस्टिक्स में नेतृत्व कर सकें। आईटीआई, पॉलिटेक्निक, विश्वविद्यालय और उद्योग एक-दूसरे से जुड़े रहें और कौशल के बल पर युवा नौकरी मांगने वाला ही नहीं, रोजगार देने वाला बने। यही 'वोकल फॉर लोकल' से 'लोकल फॉर ग्लोबल' की यात्रा है। यही आत्मनिर्भर हरियाणा से आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर भारत से विकसित भारत की यात्रा है।

हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि आरसीडीसी लैब का उद्घाटन विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह लैब केवल आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण का केंद्र नहीं, बल्कि उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत समन्वय का प्रतीक है।

ऑटोमोबाइल क्षेत्र तेजी से बदल रहा है और इलेक्ट्रिक वाहन, कनेक्टेड वाहन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन मोबिलिटी तथा सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट जैसी नई तकनीकें भविष्य की दिशा तय कर रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रदान करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आरसीडीसी लैब के माध्यम से विद्यार्थियों को वोल्वो और आइशर के वास्तविक सिस्टम, इंजन और आधुनिक तकनीक पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा। प्रशिक्षण के साथ विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर का कौशल प्रमाण-पत्र भी मिलेगा, जिससे उन्हें देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। इस मौके पर विधायक सोनीपत विधायक निखिल मदान, सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, मेयर राजीव जैन, भाजपा नेताओं सहित जिला प्रशासन के अधिकारीगण मौजूद रहे।

Share:

Comments

Leave a comment