काले कपड़े पहनकर सदन में आने वालों के काले कारनामे नहीं भूली जनता: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

काले कपड़े पहनकर सदन में आने वालों के काले कारनामे नहीं भूली जनता: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर कड़ा हमला बोला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि काले कपड़े पहनकर विधानसभा के पवित्र सदन में आने वाले कांग्रेस के नेता भले ही अपने शासनकाल में किए काले कारनामे भूल गए हों, लेकिन जनता उनके शोषण और अत्याचार को आज तक नहीं भूली है।

कांग्रेस और आप पर जुबानी हमला

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोगों को आज भी अच्छी तरह याद है कि कांग्रेस की नीतियां जनहित की बजाय लोगों को प्रताड़ित करने वाली थीं। गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। बुजुर्गों को अपनी पेंशन के लिए भटकना पड़ता था। आम लोगों को गैस सिलेंडर लेने के लिए चार-चार दिन तक लंबी लाइनों में लगा रहना पड़ता था और युवाओं को नौकरियों के लिए भ्रष्ट व्यवस्था से जूझना पड़ता था।

डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकारों ने उस पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। सरकार अब योजनाओं और सेवाओं को सीधे पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने हरियाणा व पंजाब की कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी को घेरते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि हरियाणा में कांग्रेस ने राहुल गांधी के कहने पर काले कपड़े पहन लिए हैं, तो अब राहुल गांधी को भी काले कपड़े पहन लेने चाहिए।

राजनीतिक दलों पर टॉफी बांटने का आरोप

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों की सरकारों में केवल वोट हासिल करने के लिए लोकलुभावन घोषणाएं की जाती हैं। इन पार्टियों के लिए राजनीति किसी दुकानदारी की तरह है, जहां वे लोगों को घोषणाओं की टॉफियां बांटकर सत्ता हासिल करना चाहती हैं। लेकिन ये पार्टियां जब सत्ता में आ जाती हैं, तो अगले पांच साल के लिए अपनी सभी घोषणाओं को भूल जाती हैं। फिर जब चुनाव का समय आता है, तो वे जनता को बरगलाने के लिए नई-नई घोषणाएं करने लगती हैं।

विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज विपक्ष के पास सरकार के खिलाफ बोलने के लिए कोई भी ठोस मुद्दा नहीं बचा है। जिन विकास कार्यों के टेंडर सरकार पहले ही जारी कर चुकी है, विपक्ष के नेता उन्हीं स्थानों पर जाकर केवल फोटो खिंचवाते हैं और फिर सोशल मीडिया पर बयानबाजी करते हैं। इसके विपरीत, हरियाणा की डबल इंजन की बीजेपी सरकार पूरी तरह से धरातल पर काम कर रही है।

पंजाब से भाजपा में शामिल हो रहे लोग

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब के लोग बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी को छोड़कर लगातार भाजपा में शामिल हो रहे हैं। अभी हाल ही में पंजाब के विभिन्न समाजों के 1 हजार से अधिक प्रबुद्धजन भाजपा में शामिल हुए हैं। इन सबका यही कहना है कि वे पंजाब को मजबूत बनाना चाहते हैं और वे यह भी जानते हैं कि यह काम केवल तभी संभव है जब पंजाब में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार बनेगी। पंजाब में भाजपा सरकार बनने के बाद वहां भी हरियाणा की तरह सभी लोक कल्याणकारी योजनाओं को लागू किया जाएगा और पंजाब को भी गुरुओं की शिक्षा के साथ तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ाया जाएगा।

Share:

Comments

Leave a comment